शैनन टैन ने जीता इंडियन ओपन खिताब, हिताशी बख्शी रहीं तीसरे स्थान पर
घरेलू प्रबल दावेदार हिताशी बख्शी हीरो महिला इंडियन ओपन के आखिरी दिन लड़खड़ाकर कई बोगी कर बैठीं जिससे उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार भारत की तीन गोल्फर शीर्ष पांच में रहीं। सिंगापुर की शैनन टैन ने दिन का सर्वश्रेष्ठ कार्ड बनाकर खिताब जीता और उनका कुल सात अंडर 281 रहा।
एलिस हेवसन दूसरे स्थान पर रहीं। हिताशी दूसरे होल में बर्डी से 10-अंडर तक आ गईं। इसके बाद उन्होंने छह होल में चार बोगी और एक डबल बोगी की। बैक नाइन में दो बर्डी और दो बोगी लगाईं जिससे हिताशी 10 अंडर से खिसकर पांच अंडर 283 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रणवी उर्स (72) चौथे स्थान पर रहीं जबकि अवनि प्रशांत (71) और केल्सी बेनेट (71) संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर रहीं। अवनि के बाद वाणी कपूर (74) संयुक्त रूप से दसवें स्थान पर रहीं।

अन्य भारतीयों में एमेच्योर जारा आनंद (74) संयुक्त रूप से 15वें, अमनदीप द्राल (76) संयुक्त रूप से 20वें और दीक्षा डागर (79) संयुक्त रूप से 41वें स्थान पर रहीं। हिताशी ‘एलईटी ऑर्डर ऑफ मेरिट’ में 56वें स्थान पर आ गईं और उन्हें अगले सत्र की शुरुआत से ही खेलने के लिए एक पूरा कार्ड भी मिलेगा।