सिराज बने ड्रेसिंग रूम के ‘इंपैक्ट प्लेयर’, बीसीसीआई ने दिया खास मेडल
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली गई दो मैचों की टेस्ट सीरीज का समापन भारत की 2-0 की शानदार जीत के साथ हो गया। अहमदाबाद में खेले गए पहले टेस्ट में भारत ने पारी और 140 रन से जीत दर्ज की, जबकि दूसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन भारत ने यह मुकाबला 7 विकेट से अपने नाम कर लिया।
भारत बनाम वेस्टइंडीज पहले टेस्ट में प्लेयर ऑफ द मैच रवींद्र जडेजा बने थे और दूसरे मैच के हीरो कुलदीप यादव रहे थे। वहीं प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से जडेजा को नवाजा गया था। मगर अब भारतीय ड्रेसिंग रूम में इंडिया वर्सेस वेस्टइंडीज टेस्ट के इंपैक्ट प्लेयर के नाम का खुलासा हुआ है। यह मेडल मोहम्मद सिराज को मिला है।
बीसीसीआई ने इस मेडल सेरेमनी का वीडियो एक्स पर पोस्ट किया है। मोहम्मद सिराज वीडियो में कहते नजर आ रहे हैं, “सच कहूं तो, यह सीरीज बहुत अच्छी रही क्योंकि हम अहमदाबाद में खेले थे, जहां तेज गेंदबाज़ों को काफी मदद मिली थी। लेकिन फिर हम दिल्ली आ गए, और हमें यहां काफी ओवर फेंकने पड़े। हर विकेट 5 विकेट जैसा लगा।

एक तेज गेंदबाज के तौर पर, जब आपको अपनी मेहनत का फल मिलता है, तो आपको आत्मविश्वास और एक सुखद एहसास होता है। और फिर आप रेसिंग रूम के प्रभावशाली खिलाड़ी भी होते हैं, इसलिए यह बहुत अच्छा लगा।” उन्होंने आगे कहा, “जब आप कुछ हासिल करते हैं, तो आपको अपने बारे में बहुत अच्छा लगता है।
मुझे खुद पर बहुत गर्व है। मैं इसी तरह अपना प्रदर्शन जारी रखूंगा, क्योंकि मेरा पसंदीदा फॉर्मेट टेस्ट क्रिकेट है। इसमें कई चुनौतियां होती हैं। आपको पूरे दिन शारीरिक और मानसिक रूप से मैदान पर टिके रहना होता है। मुझे योगदान देने में सक्षम होने पर बहुत गर्व है।”
मोहम्मद सिराज अब ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एक्शन में नजर आएंगे। भारतीय टीम ने आज ऑस्ट्रेलिया के लिए उड़ान भर ली है। टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहला वनडे 19 अक्टूबर को खेलेगी।