ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी जोरों पर, विराट और रोहित ने नेट्स में बहाया पसीना
विराट कोहली और रोहित शर्मा ने पर्थ पहुंचते ही अभ्यास में कोई कसर नहीं छोड़ी। रविवार से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जाने वाली वनडे सीरीज से पहले टीम के पहले ट्रेनिंग सत्र में दोनों दिग्गजों ने नेट्स पर जमकर पसीना बहाया।
सबकी नजर रोहित और कोहली पर है जो पिछली बार भारत के लिए फरवरी-मार्च में चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान खेले थे और अब 50 ओवर के प्रारूप में उपलब्ध हैं। दोनों पूर्व भारतीय कप्तान ने नेट्स में 30 मिनट तक बल्लेबाजी की। भारत 29 अक्टूबर से तीन वनडे और पांच टी20 के सीमित ओवरों के दौरे के लिए बुधवार और गुरुवार को दो ग्रुप में पर्थ पहुंची।
रोहित को नेट्स में समय बिताने के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ लंबी बातचीत करते भी देखा गया। विराट और रोहित ने साल की शुरुआत में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और पिछले साल बारबडोस में विश्व कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर को अलविदा कहा था।

यह आखिरी बार हो सकता है जब ये दोनों महान खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया में खेलें। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में सबकी निगाहें रोहित और कोहली के प्रदर्शन पर रहेंगी।
यह सीरीज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में इन दोनों के भविष्य को लेकर भी अहम बताई जा रही है। विश्व कप 2027 में इन दोनों की भागीदारी अभी तय नहीं है क्योंकि उस समय उनकी फॉर्म और फिटनेस पर काफी कुछ निर्भर करेगा।
नए कप्तान शुभमन गिल ने दोनों सुपरस्टार्स के अपार अनुभव को देखते हुए उनका समर्थन किया है। नेट सत्र के बाद कोहली को गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्कल के साथ बातचीत करते देखा गया जिसके बाद उन्होंने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के साथ भी बात की। टीम का शुक्रवार और शनिवार को एक ट्रेनिंग सत्र है।