Trending

चटर्जी-गुप्ता की जुझारू पारियों से बंगाल की वापसी, उत्तराखंड पर 61 रन की बढ़त

सुदीप चटर्जी भले ही शतक से दो रन से चूक गए, उनकी 98 रन की पारी और सुमंत गुप्ता के नाबाद 82 रन से बंगाल ने उत्तराखंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप सी मैच के दूसरे दिन 6 विकेट पर 274 रन बनाए। मेजबान टीम ने 61 रन की बढ़त बनाई हुई है और उसके चार विकेट बाकी हैं।

बंगाल ने उत्तराखंड को पहले दिन पहली पारी में 213 रन पर समेट दिया था। बंगाल ने दिन की शुरुआत एक विकेट पर आठ रन से की। उसके बल्लेबाजों को तेज गेंदबाज देवेंद्र सिंह बोरा के सामने संघर्ष करना पड़ा जिन्होंने पहले दिन कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन को पहली ही गेंद पर शून्य पर आउट करके कहर बरपाया था।

बोरा ने सुदीप कुमार घरामी (15) और अनुस्तुप मजूमदार (35) को आउट किया, जिससे लंच से पहले बंगाल का स्कोर तीन विकेट पर 63 रन हो गया। विकेटकीपर अभिषेक पोरेल (40 गेंद में 21 रन) की संक्षिप्त पारी ब्रेक के तुरंत बाद समाप्त हो गई जिससे बंगाल ने 98 रन पर चौथा विकेट गंवा दिया।

साभार : गूगल

चटर्जी और गुप्ता ने पांचवें विकेट के लिए 156 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाकर पारी को संभाला। भारत ए के पूर्व बल्लेबाज चटर्जी ने 264 गेंद का सामना किया और 12 चौके लगाए लेकिन शतक से दो रन से चूक गए। गुप्ता 82 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने संयम से खेलते हुए पारी को संभाला।

विशाल भाटी (15) आउट होने वाले छठे बल्लेबाज रहे। गेंदबाजों में बोरा ने उत्तराखंड के लिए शानदार प्रदर्शन किया, बाएं हाथ के स्पिनर जगदीश सुचित और तेज गेंदबाज अभय नेगी ने किफायती गेंदबाजी की लेकिन कोई विकेट नहीं ले पाए। बंगाल की कोशिश मोहम्मद शमी और पुछल्ले बल्लेबाजों के गुप्ता के साथ मिलकर स्कोर 300 रन तक पहुंचाने की होगी।