Trending

देवेंद्र बोरा के छह विकेट, चोपड़ा-चंदेला की साझेदारी से उत्तराखंड की जोरदार वापसी

देवेंद्र सिंह बोरा की शानदार गेंदबाजी के बाद प्रशांत चोपड़ा और कप्तान कुणाल चंदेला की अगुवाई में संयमित बल्लेबाजी से उत्तराखंड ने बंगाल के खिलाफ शुक्रवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच के तीसरे दिन जोरदार वापसी की।

बंगाल ने सुबह छह विकेट पर 274 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन बोरा के बेहतरीन प्रदर्शन से पहली पारी में 323 रन पर ढेर हो गई। बोरा ने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 79 रन देकर छह विकेट लिए।

दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने सुबह के सत्र में लगातार दो विकेट झटके। उन्होंने सुमंत गुप्ता को 82 रन पर आउट किया और बाद में आकाश दीप को आउट करके अपना छठा विकेट झटका। गुप्ता के आउट होने से बंगाल की 350 रन के पार जाने की उम्मीदें खत्म हो गईं और आखिरी चार विकेट सिर्फ 49 रन पर गिर गए।

Credits : Espncricinfo

जवाब में उत्तराखंड ने बल्ले से बेहतरीन प्रदर्शन किया और स्टंप तक दूसरी पारी में दो विकेट पर 165 रन बनाकर 55 रन की बढ़त बनाई। बल्लेबाज अवनीश सुधा (01) का विकेट जल्दी गिरने के बाद सीनियर बल्लेबाज प्रशांत चोपड़ा (82 रन) और कप्तान चंदेला (नाबाद 68 रन) ने दूसरे विकेट के लिए 146 रन जोड़े।

दोनों में से चोपड़ा आक्रामक रहे और उन्होंने अपनी तेज पारी में 10 चौके लगाए। पर आखिरी सत्र में विशाल भाटी की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।

स्टंप तक चंदेला के साथ भूपेन लालवानी 12 रन बनाकर खेल रहे थे। सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने अनुशासित गेंदबाजी की और 15 ओवरों में सिर्फ 21 रन दिए लेकिन मेजबान टीम को कोई सफलता नहीं दिला पाए। उत्तराखंड अब अपनी बढ़त को और बढ़ाकर मैच ड्रॉ कराने की कोशिश करेगा।