रणजी ट्रॉफी में शमी का जलवा, बंगाल ने उत्तराखंड को रौंदा
मोहम्मद शमी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए शनिवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मैच में बंगाल को उत्तराखंड पर आठ विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
उत्तराखंड ने खेल के आखिरी दिन दो विकेट पर 165 रन से आगे खेलना शुरू किया। तब कप्तान कुणाल चंदेला 68 और भूपेन लालवानी 12 रन बनाकर खेल रहे थे, शमी के लय में आते ही उत्तराखंड टीम ने अपनी लय खो दी।
टीम इंडिया से बाहर चल रहे शमी ने सुबह की परिस्थितियों का बेहतरीन फायदा उठाते हुए चार विकेट लिए, जबकि आकाश दीप और इशान पोरेल ने दो-दो विकेट लेकर उनका अच्छा साथ दिया।

शमी ने पहले चंदेला को 72 रन पर पगबाधा आउट कर जीत की राह खोली, फिर लंच के बाद अभय नेगी, जन्मेजय जोशी और राजन कुमार को आउट किया। उत्तराखंड ने अपने अंतिम आठ विकेट मात्र 92 रन पर गंवा दिए और टीम 265 रन पर आउट हो गई।
जीत के लिए 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बंगाल ने 29.3 ओवर में जीत हासिल कर ली। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने 82 गेंदों पर नाबाद 71 रन बनाए जिसमें छह चौके भी हैं। सुदीप कुमार घरामी (46 रन, पांच चौका, एक छक्का), विशाल भाटी 16 रन बनाकर नाबाद रहे। बंगाल को इस जीत से छह अंक मिले।