डिविलियर्स ने कहा- ‘जिन्होंने क्रिकेट को जिंदगी दी, उन्हें अब नीचा क्यों दिखाया जा रहा!’
दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज पूर्व क्रिकेटर एबी डिविलियर्स ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के आलोचकों पर तीखा हमला किया है।
उन्होंने बोला कि खिलाड़ी जैसे ही करियर के ढलान की तरफ जाते हैं, कॉकरोच अपने बिलों से बाहर आ जाते हैं। डिविलियर्स ने न सिर्फ कोहली और रोहित के आलोचको की कॉकरोच से तुलना की, बल्कि ये सवाल भी उठाया कि वे उन खिलाड़ियों में नकारात्मक ऊर्जा क्यों भर रहे जिन्होंने अपने देश और खेल के लिए अपनी पूरी जिंदगी लगा दी।
ऑस्ट्रेलिया के साथ 3 वनडे मैच की सीरीज के शुरुआती मैचों के दौरान दोनों दिग्गजों पर तमाम सवाल उठे थे। आलोचनाएं हुई थीं। किंग कोहली तो शुरुआती दोनों मैच में खाता तक नहीं खोल पाए थे लेकिन रोहित शर्मा दूसरे मैच से ही लय में आ गए और आखिरी दोनों मैचों में वह टीम इंडिया के टॉप स्कोरर रहे।

आखिरी मैच में तो नाबाद 121 रन ठोककर 33वां ओडीआई शतक जड़ा। प्लेयर ऑफ द मैच के साथ-साथ प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुने गए। विराट कोहली ने भी तीसरे वनडे में 74 रन की नाबाद पारी खेली। कोहली और रोहित ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 168 रन की साझेदारी कर भारत को 9 विकेट से जिताया।
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मुझे नहीं पता कि इन लोगों के साथ क्या है। मुझे नहीं पता कि मैं इन्हें लोग भी कह सकता हूं या नहीं।
जैसे ही खिलाड़ी अपने करियर में ढलान पर जाते हैं, ये कॉकरोच अपने बिलों से बाहर निकल आते हैं। क्यों? आप उन खिलाड़ियों में नकारात्मक ऊर्जा क्यों भरते हैं जिन्होंने अपने देश और क्रिकेट के इस खूबसूरत खेल को अपनी जिंदगियां दे दी है? उन्हें सेलिब्रेट करने का ये परफेक्ट टाइम है।’
डिविलियर्स ने कहा कि रोहित और विराट को भारतीय क्रिकेट में उनके योगदान के लिए दाद दी जानी चाहिए, न कि आलोचना की जानी चाहिए। दिग्गज क्रिकेटर ने कहा, ‘उन्होंने (विराट कोहली और रोहित शर्मा) पिछले कुछ महीनों में बहुत सारी आलोचनाएं झेली है।
हर कोई उन्हें तोड़ने की कोशिश कर रहा है, किस कारण से ये मुझे बिल्कुल समझ नहीं आ रहा। हां, मैं मुट्ठीभर लोगों की ही बात कर रहा हूं क्योंकि मुझे लगता है कि ज्यादातर लोग रोहित और विराट को सेलिब्रेट करते हैं, उनके अविश्वसनीय करियर को सेलिब्रेट करते हैं। और उन्हें एक बार फिर सेलिब्रेट करने का ये शानदार समय है।’