फिल ह्यूज जैसी त्रासदी दोहराई गई, 17 वर्षीय बेन ऑस्टिन की गेंद लगने से मौत
फिल ह्यूज का नाम लेते ही क्रिकेट इतिहास की सबसे दुखद घटनाओं में से एक की याद ताज़ा हो जाती है। नवंबर 2014 में ऑस्ट्रेलिया के प्रतिभाशाली क्रिकेटर फिलिप जोएल ह्यूज को शेफील्ड शील्ड के एक मैच के दौरान सीन एबॉट की बाउंसर गर्दन पर लग गई थी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया लेकिन 2 दिन बाद उनकी मौत हो गई।
उस हादसे ने ऑस्ट्रेलिया के साथ-साथ पूरे खेल जगत को झकझोर दिया था। 11 साल बाद एक बार फिर वैसा ही झकझोर देने वाला हादसा हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के 17 साल के होनहार क्रिकेटर बेन ऑस्टिन की फिल ह्यूज की तरह ही गर्दन पर गेंद लगने से मौत हो गई। बने ऑस्टिन एक टी20 से पहले मेलबर्न में ट्रेनिंग सेशन में हिस्सा ले रहे थे।
तभी एक गेंद उनकी गर्दन पर जा लगी। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन वह बचाए नहीं जा सके। उनकी मौत की खबर सुनकर ऑस्ट्रेलिया में शोक की लहर दौड़ गई। हादसा मंगलवार की शाम को हुआ। बेन ऑस्टिन बुधवार को एलिडन पार्क के खिलाफ होने वाले टी20 मैच से पहले नेट में प्रैक्टिस कर रहे थे।

तभी एक गेंद उनके सिर और गर्दन के आसपास जा लगी। उस वक्त वह हेल्मेट भी पहने हुए थे। तत्काल मेडिकल इमर्जेंसी टीम मौके पर पहुंची और ऑस्टिन को गंभीर हालत में मोनाश मेडिकल सेंटर ले जाया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की हर मुमकिन कोशिश की लेकिन वह बचाए नहीं जा सके।
https://www.instagram.com/ftgccblues/p/DQaB0PLE3Xf/
फर्नट्री गली क्रिकेट कल्ब ने गुरुवार सुबह उनकी मौत की पुष्टि की। ऑस्टिन इसी क्लब के लिए खेलते थे। बेन ऑस्टिन के पिता जेस ऑस्टिन ने एक बयान जारी कर कहा है, ‘प्यारे बेन की मौत से हम पूरी तरह टूट चुके हैं।’ फर्नट्री गली क्रिकेट क्लब ने एक बयान जारी कर ऑस्टिन के परिवार की निजता का सम्मान किए जाने की अपील की है।
क्लब ने अपने बयान में कहा है, ‘बेन के गुजरने से हम पूरी तरह सदमे में हैं। उनके निधन का असर हमारी क्रिकेट कम्यूनिटी के सभी लोगों पर पड़ेगा। हमारी आपसे से गुजारिश है कि कृपया इस वक्त बेन के परिवार की निजता का सम्मान करें।’