भारत और ऑस्ट्रेलिया ने बांधी काली पट्टी, 17 वर्षीय क्रिकेटर बेन ऑस्टिन को दी श्रद्धांजलि
भारत और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने शुक्रवार को दूसरे टी20 में ऑस्ट्रेलिया के 17 वर्षीय क्रिकेटर बेन ऑस्टिन को श्रद्धांजलि देने के लिए बांह पर काली पट्टी बांधी।
ऑस्टिन मंगलवार को अभ्यास के दौरान गेंद लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें फर्नट्री गली में नेट अभ्यास के दौरान गेंद गले और सिर में लगी थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन उनकी जान बच नहीं सकी। फर्नट्री गली क्रिकेट क्लब ने गुरुवार को उनकी मौत की पुष्टि की। बीसीसीआई ने ट्वीट कर लिखा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमों ने उदीयमान क्रिकेटर बेन ऑस्टिन को श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी बांधी।

महिला वनडे विश्व कप सेमीफाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीमों ने भी बाजू पर काली पट्टी बांधकर खेला था। ऑस्टिन ने अभ्यास के दौरान हेलमेट पहना था, लेकिन ‘नेकगार्ड’ नहीं पहन रखा था।
इस हादसे ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज फिल ह्यूज की यादें ताजा कर दीं। नवंबर 2014 में सिडनी में ह्यूज की भी पहली श्रेणी मैच के दौरान बाउंसर गेंद कान के पास लगने से मौत हुई थी।