Trending

फिडे शतरंज विश्व कप में भारत के लिए सुनहरा मौका

ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा शनिवार से शुरू हो रहे फिडे शतरंज विश्व कप में अपना सर्वोत्तम प्रदर्शन दोहराने की कोशिश करेंगे। इस बार टूर्नामेंट में दुनिया की शीर्ष तीन रैंकिंग वाले खिलाड़ी अनुपस्थित रहेंगे। नॉर्वे के मैग्नस कार्लसन, अमेरिका के हिकारू नाकामुरा और फैबियानो कारूआना इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे।

भारत के विश्व विजेता डी गुकेश और अर्जुन एरिगेसी कुल 20 लाख अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि वाले इस प्रतियोगिता में अपनी छाप छोड़ने का प्रयास करेंगे। सबसे अहम बात यह है कि इस टूर्नामेंट से 2026 के फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए तीन क्वालीफिकेशन स्थान तय होंगे।

कैंडिडेट्स टूर्नामेंट से ही अगले साल होने वाले विश्व चैंपियनशिप मैच के लिए चुनौतीकर्ता का चयन होगा। गोवा में अगले चार हफ्तों तक 80 देशों के 206 शीर्ष शतरंज खिलाड़ी आठ राउंड के सिंगल एलिमिनेशन नॉकआउट फॉर्मेट में खेलेंगे।

साभार : गूगल

प्रत्येक मैच में दो क्लासिकल गेम होंगे। अगर क्लासिकल गेम्स के बाद स्कोर बराबर रहेगा, तो तीसरे दिन रैपिड और ब्लिट्ज टाई-ब्रेक की श्रृंखला खेलकर विजेता तय किया जाएगा।

भारत के शीर्ष खिलाड़ियों में से गुकेश पहले से ही विश्व विजेता हैं, इसलिए उन्हें अगले साल के विश्व चैंपियनशिप मैच के लिए क्वालीफाई करने हेतु कैंडिडेट्स चक्र से गुजरने की जरूरत नहीं है, जिससे उन पर दबाव कम रहेगा।

प्रज्ञानानंदा की कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह लगभग सुनिश्चित है, जबकि एरिगेसी अगले साल के शुरुआती टूर्नामेंट में अपनी जगह बनाने की कोशिश करेंगे। कैंडिडेट्स टूर्नामेंट तय करेगा कि अगले विश्व चैम्पियनशिप मैच में गुकेश को कौन चुनौती देगा।

तीन कैंडिडेट्स स्थानों के लिए अनुभवी खिलाड़ी विदित गुजराती और पी हरिकृष्णा के भी मौका मजबूत हैं। युवा खिलाड़ी निहाल सरीन और अरविंद चितंबरम भी प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

इस बार पहली बार 24 भारतीय खिलाड़ी विश्व कप में भाग ले रहे हैं। शीर्ष 50 खिलाड़ियों को सीधे दूसरे दौर में प्रवेश मिलेगा, जबकि बाकी 156 खिलाड़ी पहले दौर से प्रतियोगिता शुरू करेंगे।

भारतीय खिलाड़ियों ने हाल ही में शानदार प्रदर्शन किया है, जिसमें ओलंपियाड (ओपन और महिला वर्ग दोनों), गुकेश का विश्व चैम्पियनशिप जीतना और दिव्या देशमुख का महिला विश्व कप जीतना शामिल है। यह घरेलू खिलाड़ियों के लिए अपनी क्षमताओं को दिखाने का शानदार अवसर होगा।

विदेशी प्रतिभाओं में नीदरलैंड के अनीश गिरी भी हैं, जिन्होंने पिछला ग्रैंड स्विस जीतकर कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में जगह बनाई। जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने विश्व कप से ठीक पहले अच्छा फॉर्म दिखाया है, वहीं उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव पर भी नजरें होंगी।