मेलबर्न में टीम इंडिया की नाकामी, दूसरे टी-20 में ऑस्ट्रेलिया की 4 विकेट से जीत
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 में भारतीय टीम को हार झेलनी पड़ी। खराब बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाज भी असरदार प्रदर्शन नहीं कर सके। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में हुए इस मैच को 4 विकेट से गंवा दिया।
126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिशेल मार्श और ट्रेविस हेड ने तेज और मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने 4.3 ओवर में पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े।
हेड 28 रन बनाकर आउट हुए। मार्श ने दूसरे विकेट के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज जोश इंग्लिस के साथ 36 रन की साझेदारी की। मार्श 46 रन की पारी खेल कर आउट हुए। टिम डेविड 1, इंग्लिस 20, मिचेल ओवन 14 और मैट शॉर्ट 0 पर आउट हुए।
स्टोइनिस 6 और बार्टलेट शून्य पर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया ने 13.2 ओवर में 6 विकेट पर 126 रन बनाकर मैच 4 विकेट से जीता। भारत से वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव और जसप्रीत बुमराह ने 2-2 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। भारत की बल्लेबाजी काफी निराशाजनक रही थी।

पूरी टीम 18.4 ओवर में 125 रन पर सिमट गई। टीम से सबसे ज्यादा 68 रन की पारी अभिषेक शर्मा ने खेली। अभिषेक नौंवे विकेट के रूप में आउट हुए। सातवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए हर्षित राणा ने 35 रन की पारी खेली।
इन दोनों के अलावा कोई भी खिलाड़ी दो अंकों में नहीं जा सका। ऑस्ट्रेलिया से जोश हेजलवुड ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। जेवियर बार्टलेट ने 2, नाथ एलिस ने 2, जबकि मार्क्स स्टॉयनिस ने 1 विकेट लिए।