Trending

पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का खराब प्रदर्शन, पीसीबी ने हेड कोच को हटाया

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने महिला विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच मुहम्मद वसीम को पद से हटा दिया है।

पाकिस्तान टूर्नामेंट में एक भी जीत दर्ज नहीं कर सकी थी और खाली हाथ लौटना पड़ा। टीम के खराब अभियान की जिम्मेदारी लेते हुए पीसीबी ने कोच वसीम के साथ अपना अनुबंध समय से पहले ही समाप्त कर दिया। पीसीबी ने सोमवार को एक आधिकारिक प्रेस रिलीज से इस बात की पुष्टि की और बताया कि नए मुख्य कोच की तलाश शुरू हो चुकी है।

बयान में आगे कहा गया है, “पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान की राष्ट्रीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच के रूप में मोहम्मद वसीम का कार्यकाल पूरा होने की घोषणा की है।”

साभार : गूगल

प्रेस रिलीज में आगे बताया गया, “नए मुख्य कोच की नियुक्ति की प्रक्रिया अभी जारी है और उनके बाद नया हेड कोच कौन होगा? इसकी घोषणा उचित समय पर की जाएगी।” मुहम्मद वसीम से पीसीबी ने इसलिए नाता तोड़ा है, क्योंकि पाकिस्तान की महिला टीम को विश्व कप में एक भी जीत नहीं मिल पाई थी।

8 टीमों वाले टूर्नामेंट में पाकिस्तान की टीम सबसे निचले पायदान पर रही थी। पाकिस्तान ने महिला वर्ल्ड कप में सात मैच खेले थे और इनमें से चार मैचों में हार झेली थी, जबकि तीन मैच बारिश के कारण रद्द हो गए।

टीम के जल्दी बाहर होने के बाद अटकलें लगाई जा रही थीं कि पीसीबी भविष्य के टूर्नामेंटों से पहले महिला क्रिकेट संरचना में सुधार के लिए कोचिंग व्यवस्था में बदलाव पर विचार कर रहा है। अपने बयान में अब पीसीबी ने देश में महिला खेल के विकास के लिए अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता दोहराई।

बोर्ड ने आगे कहा, “पीसीबी पाकिस्तान में महिला क्रिकेट को मजबूत करने और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि टीम को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निरंतर सफलता हासिल करने के लिए सर्वोत्तम संभव समर्थन मिले।”

मुहम्मद वसीम को जून 2024 में हुए महिला एशिया कप से पहले महिला टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया था। उस टूर्नामेंट में भी पाकिस्तान ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था।