आरपीएसजी ग्रुप ने टॉम मूडी को ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किया
लखनऊ : आरपीएसजी ग्रुप ने विश्व क्रिकेट के प्रतिष्ठित व्यक्तित्व और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर टॉम मूडी को ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट नियुक्त किए जाने की घोषणा की है। इस नई भूमिका में टॉम मूडी, आरपीएसजी ग्रुप की सभी क्रिकेट फ्रेंचाइज़ियों के संचालन, रणनीति और दीर्घकालिक क्रिकेट विकास कार्यक्रमों का नेतृत्व करेंगे।
अपने अनुभव, दृष्टिकोण और नेतृत्व क्षमता के माध्यम से वे समूह की क्रिकेट इकाइयों के बीच एक एकीकृत खेल संस्कृति और उत्कृष्टता की भावना स्थापित करेंगे। टॉम मूडी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के सबसे सम्मानित नामों में से एक हैं। खिलाड़ी, कोच और प्रशासक के रूप में उनका शानदार करियर विश्वभर में सफलताओं से भरा रहा है।
उन्होंने विभिन्न टीमों के साथ मिलकर प्रदर्शन में निरंतर सुधार, प्रतिभा संवर्धन और रणनीतिक योजना को नई दिशा दी है। आरपीएसजी ग्रुप की प्रमुख क्रिकेट फ्रेंचाइज़ियों में लखनऊ सुपर जायंट्स (आईपीएल), डरबन सुपर जायंट्स (एसए20) और मैनचेस्टर ओरिजिनल्स (द हंड्रेड) शामिल हैं।

आगामी आईपीएल सत्र में टॉम मूडी, लखनऊ सुपर जायंट्स के मुख्य कोच एवं अपने पूर्व ऑस्ट्रेलियाई साथी जस्टिन लैंगर और हाल ही में रणनीतिक सलाहकार के रूप में नियुक्त हुए केन विलियमसन के साथ मिलकर टीम को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का प्रयास करेंगे।
अपने नियुक्ति पर टॉम मूडी ने कहा: “आरपीएसजी ग्रुप के लिए ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की भूमिका स्वीकार करना मेरे लिए एक विशेष सम्मान है। ग्रुप के चेयरमैन संजीव गोयनका से सकारात्मक बातचीत से यह स्पष्ट हुआ कि यह एक रोमांचक अवसर है और मैं उनके साथ कार्य करने के अवसर का स्वागत करता हूँ।
मैं ग्रुप की सभी फ्रेंचाइज़ियों के लिए एक एकीकृत क्रिकेट फिलॉसफी विकसित करने और टीमों के प्रदर्शन, खिलाड़ी विकास व रणनीतिक योजना में उत्कृष्टता लाने तथा मैदान के अंदर और बाहर निरंतर सफलता सुनिश्चित करने के लिए तत्पर हूँ। मैं सभी खिलाड़ियों, कोचों और प्रबंधन टीम के साथ मिलकर हमारे साझा लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए उत्साहित हूँ।”