पीएम मोदी ने महिला क्रिकेट टीम को स्कूलों में बच्चों से मिलने की दी सलाह
आईसीसी वर्ल्ड कप 2025 जीतकर देश का रोशन करने के बाद भारतीय महिला टीम ने बुधवार को नई दिल्ली में पीएम मोदी से भेंट की। इस दौरान टीम के साथ हेड कोच अमोल मजूमदार और बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास भी थे। इस दौरान पीएम की लंबी बातचीत भारतीय खिलाड़ियों से हुई।
इसी बीच पीएम ने एक खास गुजारिश हाल ही में विश्व विजेता बनी हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी से की है। साउथ अफ्रीका को 2 नवंबर को नवी मुंबई में विश्व कप के फाइनल में 52 से हराने वाली भारतीय टीम की खिलाड़ियों से पीएम ने कहा है कि उन्हें अपने स्कूल में जाना चाहिए और बच्चों से बातचीत करनी चाहिए।
उन्होंने कहा, “एक बार जब आप अपने घर वापस जाएंगी, तो स्वाभाविक रूप से उत्साह और उमंग का माहौल होगा, लेकिन कुछ दिनों बाद, जिस स्कूल से आपने पढ़ाई की है, वहां जाकर बच्चों से बात कीजिए।” पीएम ने आगे कहा, “बच्चे आपसे ढेर सारे सवाल पूछेंगे। मुझे विश्वास है कि स्कूल और वो बच्चे आपको जिंदगी भर याद रखेंगे।

फिर आप साल में जब भी मौका मिले, तीन स्कूल चुन सकते हैं—एक दिन एक स्कूल और इस तरह आप तीन स्कूल चले जाएं। यह आपको एक तरह से प्रेरित भी करेगा।”
कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पीएम मोदी द्वारा साझा वीडियो में कहा, “मुझे आज भी याद है जब 2017 में हम आपसे मिले थे। उस समय हम ट्रॉफी लेकर नहीं आए थे, लेकिन हमारे लिए ये बहुत सम्मान की बात है कि इस बार, जिस चीज़ के लिए हम इतने सालों से इतनी मेहनत कर रहे थे, उसकी ट्रॉफी को हम यहां लेकर आए हैं।”
ओपनर और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने भी यही बात कही। पीएम ने टीम की खिलाड़ियों से कहा, “आपने बहुत अच्छा काम किया है। भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है।
एक तरह से, यह भारत के लोगों की जिंदगी बन गया है। अगर क्रिकेट में कुछ अच्छा होता है, तो भारत को अच्छा लगता है और अगर क्रिकेट में थोड़ा सा भी कुछ गलत होता है, तो पूरे भारत को बुरा लगता है।”
ये भी पढ़े : कभी हार न मानने वाला जज़्बा : पीएम ने सराहा महिला क्रिकेट टीम का उत्साह