20 शहरों में हॉकी प्रेमियों से मुलाकात करेगी विश्व कप ट्रॉफी
पुरुष जूनियर हॉकी विश्व कप ट्रॉफी शुक्रवार से शुरू हो रहे राष्ट्रीय दौरे के तहत भारत के 20 शहरों में प्रशंसकों से मुलाकात करेगी और युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।
दौरा शुक्रवार को हॉकी इंडिया शताब्दी समारोह के दौरान खेल मंत्री मनसुख मांडविया, तमिलनाडु के उप मुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन, एफआईएच अध्यक्ष दातो तैयब इकराम, हॉकी इंडिया अध्यक्ष दिलीप टिर्की, महासचिव भोला नाथ सिंह और कोषाध्यक्ष सेकर जे मनोहरन की उपस्थिति में आधिकारिक तौर पर शुरू होगा।
चेन्नई और मदुरै में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक टूर्नामेंट का आयोजन होगा। ट्रॉफी तमिलनाडु लौटने से पहले 20 शहरों से होकर गुजरेगी जिससे देश भर के प्रशंसकों को इसे करीब से देखने का मौका मिलेगा।

टिर्की ने बयान में कहा, ‘‘ट्रॉफी दौरे के पीछे का मकसद एचआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप के उत्साह को भारत के हर कोने तक पहुंचाना है। यह भारतीय हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि हम 24 टीम के साथ जूनियर विश्व कप के अब तक के सबसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं।’’