डि कॉक का 22वां शतक, दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया
क्विंटन डि कॉक ने अपने शानदार 22वें वनडे शतक के दम पर एक बार फिर साबित कर दिया कि क्लास कभी पुरानी नहीं होती। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूरी बनाने के बाद उनकी वापसी ने दक्षिण अफ्रीका टीम में नई ऊर्जा भर दी।
उनके इस दमदार प्रदर्शन से दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे वनडे में पाकिस्तान को आठ विकेट से मात देकर श्रृंखला 1-1 से बराबरी पर ला दिया।
2023 विश्व कप के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने वाले डि कॉक ने पाकिस्तान के खिलाफ सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए वापसी करते ही सबका ध्यान खींच लिया — मानो यह शतक सिर्फ रन नहीं, बल्कि उनके करियर का पुनर्जन्म हो।

इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 119 गेंद की नाबाद पारी में 123 रन बनाये जिससे दक्षिण अफ्रीका ने जीत के लिए मिले 270 रन के लक्ष्य को 40.1 ओवर में दो विकेट पर हासिल कर लिया।
तेज गेंदबाज नंद्रे बर्गर (चार विकेट) और लेग स्पिनर नकाबायोमजी पीटर (तीन विकेट) ने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को नौ विकेट पर 269 रन पर रोक दिया। इन दोनों खिलाड़ियों को श्रृंखला के शुरुआती वनडे में टीम की मामूली हार के बाद एकादश में मौका दिया गया था।
श्रृंखला का तीसरा और अंतिम मैच भी शनिवार को फैसलाबाद में होगा जो 17 वर्षों में पहली बार अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी कर रहा है। पाक ओर से सलमान आगा (69), मोहम्मद नवाज (59) और साइम अयूब (53) ने अर्धशतकीय पारियां खेली लेकिन दक्षिण अफ्रीका ने उन्हें 270 रन के अंदर ही रोक दिया।
डि कॉक ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 19 साल के लुआन-ड्रे प्रीटोरियस (46) के साथ 71 गेंद में 81 रन की साझेदारी कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई और फिर टोनी डि जोरजी (76) के साथ 137 गेंद में 153 रन की साझेदारी के साथ टीम को जीत के करीब पहुंचाया। कप्तान मैथ्यू ब्रीट्जके 17 रन पर नाबाद रहे।
डि कॉक ने अपनी पारी में आठ चौके और सात छक्के लगाये। डि कॉक और प्रीटोरियस ने पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों के खराब लाइन लेंथ का फायदा उठाते हुए शुरू से ही आक्रामक रूख अपनाया।
नसीम शाह अपनी गेंद पर प्रीटोरियस का 18 रन पर मुश्किल कैच लपकने में नाकाम रहे लेकिन मोहम्मद वसीम ने उन्हें अर्धशतक पूरा करने से पहले आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। प्रीटोरियस ने अपनी पारी में सात चौके और एक छक्का जड़ा। नवाज ने इससे पहले डि कॉक का 15 रन पर कैच टपकाया था।
डिकॉक को शानदार लय में चल रहे डि जोरजी का अच्छा साथ मिला और दोनों ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। डि कॉक ने 96 गेंद में अपना शतक पूरा कर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में फिर से वापसी का जश्न मनाया।
पाकिस्तानी कप्तान शाहीन शाह अफरीदी ने इस साझेदारी को तोड़ने के लिए आठ गेंदबाजों के इस्तेमाल किये लेकिन फहीम अशरफ ने जब डि जोरजी को आउट किया तब तक मैच उनके हाथ से निकल चुका था।
डि जोरजी 63 गेंद की पारी में नौ चौके और तीन छक्के जड़े। लुंगी एनगिडी की जगह टीम में आये बर्गर ने पाकिस्तान के शीर्ष क्रम को झकझोर दिया। उन्होंने अपने शुरुआती पांच ओवर में 22 रन पर तीन विकेट लेकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया।
आगा और अयूब ने चौथे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी की लेकिन कोर्बिन बॉश (58 रन पर दो विकेट) ने दोनों के विकेट चटकाकर पाकिस्तान पर दबाव बरकरार रखा। नवाज ने 59 गेंद में 59 जबकि अशरफ ने 18 गेंद में 28 रन बनाये जिससे पाकिस्तान ने आखिरी 10 ओवर में 90 रन जोड़े। इसमें पीटर ने 50वें ओवर में 22 रन लुटाये।