मेहनत, जुनून और धैर्य : अभिषेक शर्मा की सफलता की कहानी
भारतीय क्रिकेट में एक नई चमक उभरकर सामने आई है—25 वर्षीय युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में खेली गई पांच मैचों की टी20 सीरीज में उनके प्रदर्शन ने सबको हैरान कर दिया।
163 रनों की पारी से उन्होंने टीम को 2-1 की सीरीज जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई और प्लेयर ऑफ द सीरीज का खिताब अपने नाम किया। बारिश के कारण दो मैच रद्द होने के बावजूद अभिषेक का बल्ला लगातार बोलता रहा। गाबा में रद्द हुए मैच में उन्होंने मात्र 13 गेंदों में नाबाद 23 रन बनाकर अपनी क्षमता का परिचय दिया।
इसके साथ ही उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेज़ 1000 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया—सिर्फ 528 गेंदों में। इससे पहले यह रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम था, जिन्होंने 573 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की थी। अभिषेक की सफलता सिर्फ तकनीक पर आधारित नहीं है; यह उनकी मानसिक तैयारी का भी परिणाम है।

उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की चुनौती का सामना करने के लिए महीनों तक खुद को मानसिक और तकनीकी रूप से तैयार किया। मैच के बाद उन्होंने कहा, “मैं इस सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। ऑस्ट्रेलिया में खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है और मैं खुद को इन परिस्थितियों और गेंदबाजों के लिए तैयार करना चाहता था।”
क्रिकेट की दुनिया में अभिषेक की मेहनत और जूनून की चर्चा तभी से हो रही है, जब उन्होंने जुलाई 2024 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया। अब तक 29 टी20 मैचों में 1012 रन बना चुके इस युवा बल्लेबाज ने साबित किया कि वे दबाव की घड़ी में भी अपना खेल नहीं छोड़ते।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवराज सिंह ने अभिषेक की एक मज़ेदार आदत का खुलासा किया। उन्होंने कहा कि अभिषेक किसी भी हालत में अपना बल्ला किसी को नहीं देते।
चाहे उनके पास दस बल्ले हों या दो, वे हमेशा इसे अपने पास रखते हैं। युवराज ने यह बताते हुए हँसी रोक नहीं पाए कि “यह मर जाएगा, पिट जाएगा, रो देगा, लेकिन अपना बल्ला किसी को नहीं देगा।” वीडियो में अभिषेक मुस्कुराते हुए इस मज़ेदार खुलासे को सुनते दिखाई दिए।
पंजाब के इस युवा खिलाड़ी की कहानी केवल रिकॉर्ड्स और रन बनाने तक सीमित नहीं है। यह मेहनत, समर्पण और अपने खेल के प्रति जुनून की कहानी है। अगर उनकी इसी तरह की तैयारी और लगन जारी रही, तो आने वाले समय में अभिषेक शर्मा भारतीय क्रिकेट का एक स्थायी स्तंभ बन सकते हैं।