दिल्ली में बनेगी अत्याधुनिक स्पोर्ट्स सिटी, नेहरू स्टेडियम का होगा पुनर्निर्माण
खेल मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम को ‘ध्वस्त’ कर दिया जाएगा और उसकी जगह एक अत्याधुनिक ‘स्पोर्ट्स सिटी’ का निर्माण किया जाएगा।
इस नए परिसर में विभिन्न खेलों की सुविधाओं के साथ-साथ खिलाड़ियों के लिए आधुनिक आवासीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि उन्हें एक बेहतरीन प्रशिक्षण और रहन-सहन का माहौल मिल सके।
यह पहल भारतीय खेलों के बुनियादी ढांचे को नई दिशा देने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा की तैयारी को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। स्टेडियम के 102 एकड़ क्षेत्र का पूरी तरह से पुनर्निर्माण किया जाएगा, लेकिन अभी तक यह योजना केवल एक प्रस्ताव है और इसलिए परियोजना की समय-सीमा अभी तय नहीं हुई है।

इसकी रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए कतर और ऑस्ट्रेलिया की स्पोर्ट्स सिटी का मूल्यांकन किया जा रहा है। मंत्रालय के सूत्र ने बताया, ‘स्टेडियम को ध्वस्त कर दिया जाएगा। स्टेडियम के अंदर स्थित सभी कार्यालय, जिनमें राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी और राष्ट्रीय डोप परीक्षण प्रयोगशाला शामिल हैं, स्थानांतरित कर दिए जाएंगे।’
स्पोर्ट्स सिटी में मुख्य रूप से एक बहु-खेल सुविधा के साथ प्रशिक्षण, प्रमुख आयोजनों के संचालन के लिए विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचा उपलब्ध होता है। अहमदाबाद का सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स इसका एक उदाहरण है, जहां क्रिकेट, जलक्रीड़ा, टेनिस और एथलेटिक्स आदि के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं।