पंत बने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय, सहवाग को पछाड़ा
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने टेस्ट क्रिकेट में एक नया मुकाम हासिल किया है। अभी तक 48 टेस्ट मैचों में 92 छक्के लगा चुके पंत, भारतीय क्रिकेट के इतिहास में टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में पंत ने पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग को पीछे छोड़ दिया है।
पंत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की पहली पारी में 24 गेंदों पर 27 रन की तेज पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 2 चौके शामिल थे। इस सूची में पंत ने वीरेंद्र सहवाग को पछाड़ा, जिन्होंने अपने 103 टेस्ट मैचों में 90 छक्के लगाए थे। पंत के आगे रोहित शर्मा (88 छक्के) और रवींद्र जडेजा (80 छक्के) का नाम आता है।
धोनी इस लिस्ट में पंक्ति के पांचवें स्थान पर हैं, जिन्होंने 90 टेस्ट मैचों में 78 छक्के लगाए थे। इस मैच में टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पारी में बढ़त हासिल कर ली है। साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए, जिसमें एडेन मार्करम के 31 रन, वियान मुल्डर और टोनी डी जोरजी के 24-24 रन शामिल थे।

भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साउथ अफ्रीका को कम स्कोर पर रोक दिया। जसप्रीत बुमराह ने 5 विकेट लेकर भारत को बढ़त दिलाई, जबकि सिराज और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट निकाले।
भारत ने जब अपनी पारी की शुरुआत की, तो टीम को जल्दी झटके लगे। 18 रन पर पहला विकेट गिरा, जब यशस्वी जायसवाल (12) आउट हो गए। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर और केएल राहुल ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 57 रन जोड़ते हुए टीम को थोड़ा संभाला।
राहुल (39) और सुंदर (29) भी जल्द आउट हो गए। ऋषभ पंत ने भी 27 रन बनाकर अपनी टीम को आगे बढ़ाया। कप्तान शुभमन गिल 4 रन पर रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए, भारत ने 50 ओवरों तक 5 विकेट खोकर 164 रन बना लिए हैं और मेहमान टीम के मुकाबले मजबूत स्थिति में है।