Trending

भारत में पहला यूसीआई 2.2 श्रेणी ‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर’ जनवरी में

देश की पहली ‘यूनियन साइकिलिस्ट इंटरनेशनल (यूसीआई)’ 2.2 श्रेणी की रोड रेस चैंपियनशिप ‘पुणे ग्रैंड टूर’ के शुरुआती सत्र की मेजबानी 19 से 23 जनवरी तक होगी।

भारतीय साइकिलिंग महासंघ इसमें दो टीमें उतारेगा। इन टीमों का चयन ओडिशा के संबलपुर में दो से छह दिसंबर तक होने वाले राष्ट्रीय चैम्पियनशिप सह चयन ट्रायल से होगा।

इससे चयनित खिलाड़ियों का आकलन 28 दिसंबर को पुणे में एक राष्ट्रीय रोड रेस के माध्यम से किया जाएगा। भारत ’ए’ और भारत ‘बी’ की उपस्थिति से उभरते और अनुभवी साइकिल चालक खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए बड़ा मंच मिलेगा।

साभार : गूगल

‘बजाज पुणे ग्रैंड टूर’ भारत में वैश्विक साइकिलिंग का प्रमुख आयोजन है। इसका उद्देश्य पुणे और भारत को यूसीआई के वैश्विक कैलेंडर में स्थायी रूप से शामिल करना है। इसके पहले सत्र में दुनियाभर के शीर्ष साइकिलिस्ट भाग लेंगे, जिससे कड़ी प्रतिस्पर्धा और विश्व स्तरीय खेल गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

इस टूर में चार चरणों में 437 किलोमीटर के चुनौतीपूर्ण रास्ते होंगे जो पुणे जिले के विभिन्न जगहों से होकर गुजरेंगे। सीएफआई महासचिव मनिंदर पाल सिंह ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय चैम्पियनशिप-सह-चयन ट्रायल बजाज पुणे ग्रैंड टूर 2026 के लिए हमारी सबसे मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दो टीमों, भारत ‘ए’ और भारत ‘बी’ का समावेश प्रतिभाओं के एक व्यापक समूह को विकसित करने और भारतीय साइकिलिंग के मानक को ऊंचा उठाने पर हमारी दूरदृष्टि को दर्शाता है।’’