वनडे बल्लेबाजी क्रम पर बोले एबी डिविलियर्स – गंभीर की बात सही, पर सीमाएं भी ज़रूरी

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने मुख्य भारतीय कोच गौतम गंभीर के विचार से आंशिक रूप से सहमति जताई कि वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजी क्रम को जरूरत से ज्यादा महत्व दिया जाता है।

हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि टीम में लचीलापन बनाए रखना और खिलाड़ियों की भूमिकाओं के बीच संतुलन करना बेहद जरूरी है।

गौरतलब है कि भारत ने हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे श्रृंखला 2-1 से जीती, जिसके बाद गंभीर ने कहा था कि वनडे में बल्लेबाजी क्रम को जरूरत से ज्यादा तवज्जो दी जाती है।

साभार : गूगल

डिविलियर्स ने अपने यूट्यूब चैनल पर इस मुद्दे पर टिप्पणी करते हुए कहा, “मैं गंभीर से कुछ हद तक सहमत हूं। मुझे वनडे में बल्लेबाजों के क्रम में बदलाव करना पसंद रहा है। लेकिन यह एक नाजुक मामला है क्योंकि आप खिलाड़ियों की भूमिकाओं के साथ ज्यादा छेड़छाड़ नहीं कर सकते।”

उन्होंने आगे कहा, “यह तीन खंडों में बंटा हुआ है – शीर्ष तीन, चार से छह नंबर के बल्लेबाज और फिर निचला क्रम। इन खंडों के भीतर आप रचनात्मक बदलाव कर सकते हैं। खेल की विशेष परिस्थितियों और दाएं-बाएं हाथ के संयोजन के अनुसार रणनीति बदलना सही रहता है।”

टी20 में भी भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला मैच जीतकर अपनी लय जारी रखी, जो टीम की 31 मैचों में 27वीं जीत है। डिविलियर्स ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “भारत का प्रदर्शन विशेषकर टी20 प्रारूप में अविश्वसनीय रहा है।

यह तीनों प्रारूपों में सबसे अस्थिर माना जाता है, और इस अस्थिरता में लगातार प्रदर्शन करना टीम की सही दिशा की निशानी है। मुझे लगता है कि यह भारतीय क्रिकेट की गहराई का स्पष्ट संकेत है।”