Trending

लखनऊ में भारत–दक्षिण अफ्रीका का चौथा टी-20, इकाना में रोमांच चरम पर

टी-20 सीरीज़ के निर्णायक मोड़ पर पहुंचते ही क्रिकेट का सारा फोकस नवाबों के शहर पर टिक गया है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच बुधवार को खेले जाने वाले चौथे टी-20 मुकाबले में टीम इंडिया जहां अजेय बढ़त हासिल करने उतरेगी, वहीं इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में रिकॉर्ड दर्शक जुटने की पूरी संभावना है। मुकाबले को लेकर लखनऊ में क्रिकेट का खुमार साफ नजर आने लगा है।

टी-20 सीरीज़ में 2-1 की बढ़त बना चुकी भारतीय टीम सोमवार शाम लखनऊ पहुंची। एयरपोर्ट से लेकर होटल तक खिलाड़ियों के स्वागत में उमड़ा उत्साह यह बता रहा था कि शहर इस हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए पूरी तरह तैयार है।

वहीं, दक्षिण अफ्रीका की टीम भी दोपहर में लखनऊ पहुंचकर सीधे होटल रवाना हो गई। इस अहम मुकाबले में इकाना स्टेडियम एक बार फिर टीम इंडिया के लिए निर्णायक भूमिका निभा सकता है।

वहीं मैच से पहले भारतीय टीम को बड़ा झटका लगा है। ऑलराउंडर अक्षर पटेल बीमारी के चलते दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज़ के बचे हुए दोनों मुकाबलों से बाहर हो गए हैं।

हालांकि अक्षर लखनऊ में टीम के साथ मौजूद हैं, जहां उनका आगे का मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। चयन समिति ने उनकी जगह शाहबाज अहमद को टीम में शामिल किया है।

मैच से पहले मंगलवार को दोनों टीमें इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। दक्षिण अफ्रीका की टीम दोपहर एक बजे अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी, जबकि भारतीय टीम शाम को फ्लडलाइट की रोशनी में अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देगी। मुकाबले को लेकर दर्शकों का जोश इस कदर है कि सोमवार शाम से ही स्टेडियम के बाहर टिकट काउंटर पर लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं।

इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय टीम का रिकॉर्ड अब तक बेदाग रहा है। टीम इंडिया ने यहां अपना पहला टी-20 मुकाबला वर्ष 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेला था, जिसमें 71 रनों से शानदार जीत दर्ज की थी। वर्ष 2022 में श्रीलंका को 62 रनों से हराया, जबकि 2023 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल की। यानी इस मैदान पर खेले गए तीनों टी-20 मुकाबलों में भारत को जीत मिली है।

अब तक इकाना स्टेडियम में कुल छह टी-20 इंटरनेशनल मैच खेले जा चुके हैं। इनमें से तीन मुकाबले भारतीय टीम ने खेले हैं, जबकि शेष तीन मैच अफगानिस्तान की टीम ने। उल्लेखनीय है कि इकाना स्टेडियम लंबे समय तक अफगानिस्तान क्रिकेट टीम का होम ग्राउंड रहा है, जहां उसने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले थे।

इस अहम मुकाबले के लिए भारतीय टीम का चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। शाम करीब सवा छह बजे धुंधलके और जगमगाती रोशनी के बीच जैसे ही खिलाड़ी बाहर निकले, मोबाइल कैमरों और मीडिया फ्लैश के बीच क्रिकेट प्रेमियों ने उनका जोरदार स्वागत किया।

टीम बस की आगे वाली सीट पर बैठे ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को देखते ही दर्शक तालियों और नारों से झूम उठे। हार्दिक ने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया।

उनके पीछे एशिया कप टी-20 के हीरो तिलक वर्मा नजर आए तो ‘इंडिया-इंडिया’ के नारों से एयरपोर्ट गूंज उठा। कप्तान सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव सहित सभी खिलाड़ी एयरपोर्ट से सीधे गोमती नगर स्थित होटल पहुंचे, जहां पारंपरिक भारतीय अंदाज में उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

भारतीय टीम : सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शुभमन गिल, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, हर्षित राणा, वाशिंगटन सुंदर

दक्षिण अफ्रीका : एडेन मार्कराम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी, रीजा हेंड्रिक्स, डेविड मिलर, जॉर्ज लिंडे, कॉर्बिन बॉश, मार्को जानसन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), डोनोवन फरेरा (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, ओटनील बार्टमैन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, लुंगी एनगिडी, एनरिक नॉर्टजे