Trending

आईपीएल से पहले झटका: डेंगू-चिकनगुनिया की चपेट में युजवेंद्र चहल

आगामी दिनों में क्रिकेट का त्योहार, यानी आईपीएल 2026 का आगाज होने वाला है। लेकिन आईपीएल शुरू होने से पहले ही पंजाब किंग्स के लिए एक बुरी खबर सामने आई है।

दरअसल, पंजाब के धाकड़ गेंदबाज युजवेंद्र चहल की तबीयत खराब हो गई है, जिसके चलते डॉक्टरों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी है। इस बात की जानकारी खुद युजवेंद्र चहल ने दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि चहल को लंबे समय तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है।

हाल ही में हुए मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 के फाइनल मुकाबले में भी भारतीय स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल मौजूद नहीं थे। चहल ने खुद बताया कि वे डेंगू और चिकनगुनिया से पीड़ित हैं।

उन्होंने लिखा, “SMAT फाइनल के लिए मेरी टीम हरियाणा को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। मैं टीम का हिस्सा बनना चाहता था, लेकिन दुर्भाग्य से मुझे डेंगू और चिकनगुनिया हो गया है, जिससे मेरी सेहत काफी खराब हो गई है।

डॉक्टरों ने मुझे सिर्फ आराम और रिकवरी पर ध्यान देने की सलाह दी है। मैं जल्द ही मैदान पर वापसी करूंगा और पूरी ताकत से गेंदबाजी करूंगा।” चहल को आखिरी बार पिछले महीने ग्रुप मैच में हैदराबाद के खिलाफ खेलते देखा गया था।

बीमारी की वजह से वह कई महीनों तक क्रिकेट से दूर रहेंगे। वे 30 नवंबर से घरेलू क्रिकेट से बाहर हैं। अपने पोस्ट में चहल ने यह नहीं बताया कि वह कब तक वापसी करेंगे, हालांकि वह विजय हजारे ट्रॉफी में वापसी की उम्मीद कर रहे हैं, जो 24 दिसंबर से शुरू हो रही है।

गौरतलब है कि पिछले साल के टी20 वर्ल्ड कप के बाद से चहल को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली है और उन्होंने अगस्त 2023 के बाद से सीनियर राष्ट्रीय टीम के लिए कोई मैच नहीं खेला है।

इससे पहले, चहल ने इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेलते हुए नॉर्थम्पटनशायर का प्रतिनिधित्व किया था। वन-डे कप (लिस्ट ए) में उन्होंने डेब्यू मैच में ही 5 विकेट लिए थे, जबकि कुल प्रदर्शन में उनकी इकॉनमी रेट छह से कम रही।

रेड-बॉल क्रिकेट यानी काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन टू में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया, जहां चार मैचों में 19 विकेट लिए और दो बार पांच विकेट हॉल लिया। इन शानदार प्रदर्शनों के कारण उन्हें 2025 सीजन के लिए फिर से नॉर्थम्पटनशायर से करार मिला।