Trending

महिला क्रिकेट में योगदान के लिए जय शाह को ट्रांसफॉर्मेशनल लीडर का सम्मान

भारतीय क्रिकेट के लिए एक गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब आईसीसी के नए अध्यक्ष जय शाह को महिला क्रिकेट के विकास में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

इस सम्मान की जानकारी बीसीसीआई ने अपने ‘एक्स’ पर साझा की। बीसीसीआई ने जय शाह के पुरस्कार प्राप्त करते हुए एक पोस्ट लिखा, “भारतीय क्रिकेट के लिए एक यादगार शाम।

जय शाह को ‘ट्रांसफॉर्मेशनल लीडर ऑफ द ईयर’ चुने जाने पर बहुत-बहुत बधाई। भुगतान समान करने और महिला प्रीमियर लीग के विकास में आपके दृष्टिकोण ने खेल को वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ाया है।”

 

जय शाह को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार एनडीटीवी द्वारा आयोजित इंडियन ऑफ द ईयर 2025 समारोह में प्रदान किया गया, और सुप्रीम कोर्ट ऑफ इंडिया के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने उन्हें सम्मानित किया।

जय शाह ने 2019 से 2024 तक बीसीसीआई के सचिव के रूप में कार्य किया। इस अवधि में उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट को नए आयाम दिए। उनके प्रयासों से महिला क्रिकेटरों को अब पुरुष क्रिकेटरों के समान प्रति मैच शुल्क मिलता है।

इसके अलावा, महिला क्रिकेट के लोकप्रिय और पेशेवर रूप को बढ़ावा देने के लिए 2023 में महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत हुई। ये दोनों पहलें न केवल महिला क्रिकेटरों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाती हैं, बल्कि खेल के स्तर को भी नई ऊँचाइयों तक ले जाती हैं।

जय शाह की उपलब्धियों में केवल भुगतान समानता और महिला प्रीमियर लीग तक ही सीमित नहीं है। उन्होंने घरेलू महिला क्रिकेट को मजबूत करने और महिला क्रिकेटरों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी अहम योगदान दिया।

1 दिसंबर 2024 को जय शाह ने आधिकारिक तौर पर आईसीसी अध्यक्ष का पद संभाला। इससे पहले, अगस्त में उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष के रूप में चुना गया था। उनके नेतृत्व में महिला क्रिकेट के विकास की दिशा और भी स्पष्ट रूप से वैश्विक स्तर पर दिखाई दे रही है।