Trending

तीसरे टेस्ट में स्टार्क चमके, ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 82 रन से हराया

तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने तीसरे टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन एक बार फिर साबित किया कि दबाव के क्षणों में ऑस्ट्रेलिया क्यों उस पर भरोसा करता है। अंतिम चार विकेटों में से तीन झटककर उन्होंने इंग्लैंड की वापसी और विश्व रिकॉर्ड बनाने की उम्मीदों को खत्म कर दिया।

इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 82 रन से जीत के साथ दो टेस्ट शेष रहते ही एशेज को बरकरार रख लिया। 435 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने पांचवें दिन सुबह अपनी दूसरी पारी छह विकेट पर 207 रन से आगे बढ़ाई।

उस समय उसे जीत के लिए 228 रन चाहिए थे, जबकि ऑस्ट्रेलिया को एशेज अपने नाम रखने के लिए सिर्फ चार विकेट। शुरुआती सत्र में इंग्लैंड ने 102 रन जोड़कर मुकाबले में जान फूंकी और आखिरी दिन दोपहर के भोजन तक रोमांच बनाए रखा।

स्टार्क ने सुबह के सत्र में एकमात्र विकेट लिया और जेमी स्मिथ को 60 रन पर आउट किया। लंच तक इंग्लैंड सात विकेट पर 309 रन तक पहुंच गया था। तब ऑस्ट्रेलिया को एडिलेड में ही ट्रॉफी जीतने के लिए तीन विकेट चाहिए थे, जबकि इंग्लैंड को पांच मैचों की श्रृंखला में बने रहने के लिए अभी भी 126 रन बनाने थे।

लंच के बाद हालांकि मैच की तस्वीर तेजी से बदली। इंग्लैंड 352 रन पर सिमट गई और उसकी अप्रत्याशित जीत दर्ज कर इतिहास रचने की उम्मीदें टूट गईं।

निचले क्रम के बल्लेबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा, लेकिन अनुभवी स्पिनर नाथन लियोन की हैमस्ट्रिंग चोट के कारण अनुपस्थिति के बावजूद ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने नियंत्रण नहीं छोड़ा। ऐसे हालात में श्रृंखला में सर्वाधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज स्टार्क ने जिम्मेदारी संभाली।

उन्होंने विल जैक्स (47) और जोफ्रा आर्चर (03) को आउट किया, जबकि स्कॉट बोलैंड ने जोश टोंग (01) का विकेट लेकर मुकाबले का अंत किया। ब्रायडन कार्स 39 रन बनाकर नाबाद रहे।

पर्थ और ब्रिस्बेन में खेले गए पहले दो टेस्ट ऑस्ट्रेलिया ने आठ-आठ विकेट से जीते थे। उन दोनों मुकाबलों में भी स्टार्क की गेंदबाजी निर्णायक रही थी और उन्हें मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया था। तीसरे टेस्ट में भी उन्होंने जीत में अहम भूमिका निभाकर अपनी निरंतरता को दोहराया।

अब नजरें चौथे टेस्ट पर होंगी, जो बॉक्सिंग डे यानी 26 दिसंबर से मेलबर्न में शुरू होगा, जहां इंग्लैंड सम्मान बचाने और ऑस्ट्रेलिया अपनी लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा।