Trending

डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया की बादशाहत, इंग्लैंड की हालत सबसे खराब

पैट कमिंस की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलिया टीम ने इंग्लैंड को तीसरे एशेज टेस्ट में 82 रनों से मात देकर पांच मैच की इस सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बनाई। इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया की डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में बादशाहत बरकरार है।

ऑस्ट्रेलिया ने अब तक मौजूदा डब्ल्यूटीसी में 6 मैच खेले हैं और सभी मुकाबले अपने नाम कर टीम 100 प्रतिशत अंकों के साथ पहले पायदान पर है। हार की हैट्रिक लगाने वाली इंग्लैंड की हालत भारत से भी खराब है। इंग्लैंड का जीत का प्रतिशत घटकर अब 30 से भी कम का रह गया है।

ऑस्ट्रेलिया बनाम इंग्लैंड तीसरे टेस्ट के बाद अगर डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल के ताजा अपडेट पर नजर डालें तो ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे पायदान पर गत चैंपियन साउथ अफ्रीका है। भारत में 2-0 से सीरीज जीतने के बाद साउथ अफ्रीक के खाते में 75 प्रतिशत अंक है।

टॉप-5 में ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के अलावा न्यूजीलैंड, श्रीलंका और पाकिस्तान है। शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया टॉप-5 से बाहर हो गई है। साउथ अफ्रीका से सूपड़ा साफ करने के बाद टीम इंडिया का बुरा हाल है।

भारत से ज्यादा बुरा हाल डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में इंग्लैंड का हो गया है। इंग्लैंड ने अभी तक खेले 8 में से 2 ही टेस्ट जीते हैं, वहीं 5 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। भारत से 5 मैच की टेस्ट सीरीज 2-2 से ड्रॉ करने के बाद वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐशेज सीरीज में 0-3 से पिछड़ रहे हैं।

टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने ऐलेक्स कैरी के शतक से 371 रन बोर्ड पर लगाए। जवाब में इंग्लैंड 286 रनों पर ढेर हो गया और मेजबानों को 85 रनों की बढ़त मिली। दूसरी पारी में कैरी के साथ ट्रैविस हेड ने इंग्लैंड को कूटा और करियर का 11वां शतक जड़ा।

Credits : Cricbuzz

जब-जब हेड ने शतक जड़ा है ऑस्ट्रेलिया सिर्फ एक बार हारा है। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 349 रन बनाए और 435 रनों का टारगेट रखा। इस स्कोर का पीछा करते हुए इंग्लैंड की पूरी टीम 352 पर ढेर हो गई।