Trending

पाकिस्तान अंडर-19 ने भारत को हराकर दूसरी बार एशिया कप जीता

अंडर-19 एशिया कप 2025 का फाइनल पाकिस्तान की युवा टीम के वर्चस्व की कहानी बन गया, जहां भारत के टॉस जीतने से लेकर आखिरी विकेट गिरने तक मैच पूरी तरह एकतरफा रहा।

इस हाईवोल्टेज मैच में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन से हराकर दूसरी बार खिताब अपने नाम किया। इससे पहले पाकिस्तान 2012 में भारत के साथ संयुक्त विजेता रहा था। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह रणनीति उलटी पड़ गई।

50 ओवर में पाकिस्तान ने 8 विकेट पर विशाल 347 रन बना दिया। पारी की शुरुआत पाकिस्तान के लिए अच्छी नहीं रही और 31 रन के कुल स्कोर पर हमजा जहूर (18) आउट हो गए।

इसके बाद समीर मिन्हास और उस्मान खान ने दूसरे विकेट के लिए 92 रन जोड़कर पारी को संभाला और टीम को 123 रन तक पहुंचाया। उस्मान खान 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद समीर मिन्हास ने अहमद हुसैन के साथ मिलकर भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 125 गेंदों में 137 रन की साझेदारी की और पाकिस्तान का स्कोर 260 तक पहुंचा दिया।

अहमद हुसैन 56 रन बनाकर आउट हुए, जबकि समीर मिन्हास ने शानदार 172 रन की पारी खेली, जो फाइनल का सबसे बड़ा आकर्षण रही।

भारतीय गेंदबाजी में दीपेश देवेंद्रन को 3 विकेट की सफलता मिली। हेनिल पटेल और खिलन पटेल को 2-2 विकेट मिले, जबकि कनिष्क चौहान ने 1 विकेट अपने नाम किया।

348 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई और पूरी टीम 26.2 ओवर में सिर्फ 156 रन पर सिमट गई।

भारत को पहला झटका 32 रन के स्कोर पर कप्तान आयुष म्हात्रे के रूप में लगा, जो सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी ने आक्रामक अंदाज में टीम को संभालने की कोशिश की। उन्होंने 26 रन बनाए, लेकिन उनके आउट होते ही भारतीय पारी बिखर गई।

सूर्यवंशी के अलावा खिलन पटेल ने 19 रन, अभिज्ञान कुंडू ने 13 रन और आरोन जॉर्ज ने 16 रन का योगदान दिया। निचले क्रम में दीपेश देवेंद्रन ने संघर्ष दिखाते हुए 36 रन की तेज पारी खेली, लेकिन तब तक जीत भारत की पहुंच से बहुत दूर जा चुकी थी।

पाकिस्तान की गेंदबाजी भी उतनी ही प्रभावशाली रही जितनी उनकी बल्लेबाजी। अली रजा ने 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी, जबकि मोहम्मद सैयाम, अब्दुल सुभान और हुजैफा अहसान ने 2-2 विकेट झटके।