जैकब डफी ने तोड़ा न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड, 2025 में लिए 80 अंतरराष्ट्रीय विकेट
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने इस साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपना शानदार रिकॉर्ड स्थापित किया है। डफी एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले न्यूजीलैंड के गेंदबाज बन गए हैं।
उन्होंने 2025 में कुल 80 अंतरराष्ट्रीय विकेट हासिल किए, जिससे रिचर्ड हैडली का 1985 का रिकॉर्ड (79 विकेट) टूट गया। इस सूची में डेनियल विटोरी 2008 में 76 विकेट और ट्रेंट बोल्ट 2015 में 72 विकेट के साथ शामिल हैं।
डफी ने हाल ही में बे ओवल में खेले गए तीसरे टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन किया। पहली पारी में उन्होंने 35 ओवर फेंककर 86 रन देकर 4 विकेट झटके, जबकि दूसरी पारी में 22.3 ओवर में 42 रन देकर 5 विकेट निकाले। न्यूजीलैंड ने मैच को 323 रन से जीतकर सीरीज 2-0 से अपने नाम की।
वेस्टइंडीज के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट सीरीज में डफी ने कुल 23 विकेट हासिल किए। उन्होंने क्राइस्टचर्च में खेले गए पहले टेस्ट में 8 विकेट, और वेलिंगटन में दूसरे टेस्ट में 6 विकेट अपने नाम किए।
उनके शानदार प्रदर्शन को भारत के पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी सराहा। अश्विन ने कहा, “जैकब डफी शानदार क्रिकेटर बन रहे हैं। 2025 उनके लिए सफलता का साल रहा। वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में 15.43 की औसत, 40.3 का स्ट्राइक रेट और मैन ऑफ द सीरीज के साथ 23 विकेट।”
अश्विन ने आगे कहा कि डफी टी20 क्रिकेट में भी नंबर 1 गेंदबाज हैं। इस फॉर्मेट में उन्होंने 18.9 की औसत, 7.89 की इकॉनमी और 53.1% डॉट बॉल रेट के साथ 57 विकेट हासिल किए हैं।
31 साल की उम्र में डफी अपनी बेहतरीन फॉर्म में हैं। साथ ही, आरसीबी ने उन्हें 2 करोड़ के बेस प्राइस पर खरीदकर बड़ा निवेश किया, जो उनकी क्षमताओं को दिखाता है।