Trending

वर्ल्ड टूर फाइनल : एन से-यंग, क्रिस्टो पोपोव और साउथ कोरिया-चीन की जीत

साउथ कोरिया की स्टार शटलर एन से-यंग ने बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की वांग झियी को 21-13, 18-21, 21-10 से हराकर खिताबी जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ एन ने न केवल डिफेंडिंग चैंपियन को मात दी, बल्कि अपने सीजन का 11वां टाइटल भी अपने नाम किया। उन्होंने एक सीजन में सर्वाधिक टाइटल जीतने के मामले में जापानी मेंस सिंगल्स लीजेंड केंटो मोमोटा के बराबरी की।

96 मिनट तक चले रोमांचक मुकाबले के बाद एन ने कहा, “मैं सच में बहुत खुश और खुद पर गर्व महसूस कर रही हूं।” वहीं, हारने वाली वांग झियी ने माना कि मुकाबले के दौरान उनकी ऊर्जा कम होने की वजह से गलतियां हुईं, जो उनके प्रदर्शन पर असर डाल गईं।

मेंस सिंगल्स फाइनल में भी चौकाने वाला परिणाम देखने को मिला। फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव ने चीन के नए वर्ल्ड चैंपियन शि यूकी को 21-19, 21-9 से हराकर इतिहास रच दिया।

साल 2018 में टूर्नामेंट शुरू होने के बाद यह पहली बार है कि किसी फ्रांसीसी खिलाड़ी ने यह खिताब जीता। 23 वर्षीय पोपोव ने ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहते हुए सेमीफाइनल में जापान के कोडाई नाराओका को मात दी और फाइनल में धमाकेदार प्रदर्शन किया।

मेंस डबल्स में भी साउथ कोरिया का दबदबा रहा। डिफेंडिंग चैंपियन किम वोन-हो और सियो सेउंग-जे की जोड़ी ने चीन के लियांग वेइकेंग और वांग चांग को 21-18, 21-14 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

महिला डबल्स में साउथ कोरिया की बाएक हा-ना और ली सो-ही ने जापान की जोड़ी युकी फुकुशिमा और मायू मात्सुमोतो को 21-17, 21-11 से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का गौरव हासिल किया।

मिक्स्ड डबल्स में चीन की जोड़ी फेंग यानझे-हुआंग डोंगपिंग ने ऑल-चाइनीज फाइनल में जियांग झेनबैंग-वेई याक्सिन को 21-12, 21-17 से मात देकर खिताब अपने नाम किया।

यह लगातार चौथा साल है जब चीन ने सीजन के आखिरी टूर्नामेंट में मिक्स्ड डबल्स इवेंट जीता है। इससे पहले ओलंपिक चैंपियंस झेंग सिवेई और हुआंग याकिओंग ने तीन बार यह खिताब जीता था।