सपनों से संन्यास तक : कृष्णप्पा गौतम ने 14 साल के क्रिकेट सफर को कहा अलविदा
ऑलराउंडर कृष्णप्पा गौतम ने सोमवार को पेशेवर क्रिकेट को अलविदा बोलकर अपने 14 साल लंबे सफर पर विराम लगा दिया। उन्होंने बताया कि यह फैसला किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि पूरी सोच-समझ के साथ लिया गया है।
गौतम का क्रिकेट सफर उसी कर्नाटक से शुरू हुआ और वहीं समाप्त हुआ, जहां उन्होंने कभी दर्शक और बॉल बॉय के रूप में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खड़े होकर सेंटर विकेट पर खेलने का सपना देखा था। संन्यास का ऐलान करते हुए उन्होंने भावुक अंदाज में कहा कि यह मैदान उनके लिए हमेशा खास रहेगा।
घरेलू क्रिकेट में गौतम का योगदान बेहद प्रभावशाली रहा। उन्होंने 59 प्रथम श्रेणी मैचों में 200 से अधिक विकेट हासिल किए और निचले क्रम में बल्लेबाजी करते हुए कई अहम पारियां भी खेलीं।
https://www.instagram.com/gowthamyadav1/reel/DSkSeN8Aa4P/
उन्होंने 2012 में उत्तर प्रदेश के खिलाफ अपना प्रथम श्रेणी डेब्यू किया था। भले ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले, लेकिन घरेलू स्तर पर उनका दबदबा लगातार बना रहा। भारत के लिए गौतम ने जुलाई 2021 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था और राष्ट्रीय टीम का हिस्सा बनने का सपना भी पूरा किया।
उन्होंने स्वीकार किया कि उनके पास दूसरे राज्य से खेलने के विकल्प मौजूद थे, लेकिन उन्होंने कभी इस पर गंभीरता से विचार नहीं किया।
उनका मानना था कि बार-बार टीम में वापसी करना उन युवा खिलाड़ियों के साथ अन्याय होगा जो भविष्य की उम्मीद हैं। आईपीएल में कृष्णप्पा गौतम एक अलग पहचान रखते हैं। वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी रहे हैं।
आईपीएल 2021 की नीलामी में चेन्नई सुपर किंग्स ने उन्हें 9.25 करोड़ में खरीदा था। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स का भी प्रतिनिधित्व किया। खासतौर पर राजस्थान रॉयल्स के लिए खेली गई उनकी दमदार पारियां आज भी याद की जाती हैं।
गौतम के नाम एक ऐतिहासिक ऑलराउंड रिकॉर्ड भी दर्ज है। कर्नाटक प्रीमियर लीग के एक मैच में उन्होंने 134 रन बनाए और 8 विकेट झटके, जिसे क्रिकेट इतिहास के सबसे बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शनों में गिना जाता है।
अपने करियर को लेकर गौतम ने यही संदेश दिया कि समय पर विदा लेना भी एक खिलाड़ी की जिम्मेदारी होती है, ताकि आने वाली पीढ़ी को आगे बढ़ने का मौका मिल सके। उनके संन्यास के साथ घरेलू क्रिकेट का एक मजबूत अध्याय समाप्त हो गया।