Trending

मेग लैनिंग के बाद दिल्ली कैपिटल्स की कमान अब जेमिमा रोड्रिग्ज के हाथों में

महिला प्रीमियर लीग 2026 सत्र से पहले दिल्ली कैपिटल्स ने नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रोड्रिग्स को टीम का कप्तान बनाया है। यह फैसला ऐसे समय आया है, जब रोड्रिग्स हाल ही में आईसीसी महिला विश्व कप में भारत की ऐतिहासिक जीत की अहम कड़ी रही हैं।

विश्व कप सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ रोड्रिग्स ने नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेली थी, जिसने भारत की जीत की नींव रखी। इसी प्रदर्शन के बाद अब वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट में भी नेतृत्व की भूमिका में नजर आएंगी।

कप्तानी मिलने पर जारी विज्ञप्ति में रोड्रिग्स ने कहा, “दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान बनना मेरे लिए बेहद सम्मान की बात है। मैं टीम के मालिकों और सपोर्ट स्टाफ की आभारी हूं जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताते हुए मुझे इस टीम का नेतृत्व करने का मौका दिया।”

उन्होंने आगे कहा, “विश्व कप जीतना और अब महिला प्रीमियर लीग के पहले सत्र से मेरे दिल में खास जगह रखने वाली फ्रेंचाइजी में यह शानदार अवसर मिलना मेरे और मेरे परिवार के लिए सचमुच एक सपने जैसा साल रहा है।”

दिल्ली कैपिटल्स ने डब्ल्यूपीएल की शुरुआती नीलामी में सबसे पहले रोड्रिग्स को ही चुना था। अब तक खेले गए 27 डब्ल्यूपीएल मैचों में उन्होंने 507 रन बनाए हैं। वह लीग के तीनों सत्र के फाइनल खेलने वाली चुनिंदा खिलाड़ियों में भी शामिल हैं।

पिछले महीने नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी द्वारा ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान मेग लैनिंग को टीम से रिलीज किए जाने के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी रोड्रिग्स को सौंपी गई। इस बदलाव पर उन्होंने कहा, “मैंने पिछले तीन वर्षों में बहुत कुछ सीखा है और दिल्ली कैपिटल्स के साथ अपने कुछ बेहतरीन पल साझा किए हैं।

हमारे पास एक मजबूत टीम है और मैं मैदान में उतरने के लिए उत्सुक हूं क्योंकि हम एक बहुत ही सफल सत्र की उम्मीद कर रहे हैं। हम उस मुकाम को हासिल करना चाहते हैं जो पिछले तीन वर्षों से हमसे दूर रहा है।”

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी रोड्रिग्स का रिकॉर्ड प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 113 टी20 मैचों में 2,444 रन बनाए हैं। भारत के लिए 59 वनडे मैचों में उन्होंने 1,749 रन बनाए हैं।

दिल्ली कैपिटल्स अपने नए कप्तान के नेतृत्व में डब्ल्यूपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 10 जनवरी को नवी मुंबई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले से करेगी।