Trending

टी20 : हरमनप्रीत की कप्तानी पारी, भारत ने श्रीलंका का 5-0 से किया सफाया

भारत ने ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए पांचवें टी20 में श्रीलंका को 15 रन से मात देकर सीरीज को 5-0 से अपने नाम किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत काफी खराब रही।

महज 5 रन पर शेफाली वर्मा पवेलियन लौट गईं और इसके तुरंत बाद डेब्यू कर रहीं जी कमलिनी (12) भी आउट हो गईं। हालात यहां तक बिगड़ गए कि भारत ने 77 रन तक पहुंचते-पहुंचते अपने 5 विकेट गंवा दिए।

मुश्किल समय में कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला और अमनजोत कौर के साथ छठे विकेट के लिए 37 गेंदों में 61 रन की अहम साझेदारी कर पारी को संभाल लिया।

अमनजोत कौर 21 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी पारी खेलते हुए 68 रन बनाए। अंत में अरुंधति रेड्डी ने नाबाद 27 रन जोड़कर भारत को 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन तक पहुंचाया।

BCCI

श्रीलंका से रश्मिका सेवंदी, कविशा दिलहारी और चामरी अथापथु ने 2-2 विकेट झटके, जबकि निमाशा मदुशानी को 1 सफलता मिली। 175 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम को भी शुरुआती झटका लगा और कप्तान चामरी अथापथु 7 रन के कुल स्कोर पर सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हो गईं।

हसिनी परेरा और इमेशा दुलानी ने पारी को संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 56 गेंदों में 79 रन की साझेदारी की और टीम को 86 रन तक पहुंचाया। हसिनी परेरा ने 65 रन बनाए, जबकि इमेशा दुलानी ने 50 रन की अहम पारी खेली।

इस साझेदारी के टूटते ही श्रीलंका की रन गति लड़खड़ा गई। रश्मिका सेवंदी ने 14 रन जोड़े, लेकिन इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका।

नतीजतन श्रीलंका टीम 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 160 रन ही बना सकी। भारत से दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, स्नेह राणा, वैष्णवी शर्मा, श्री चरणी और अमनजोत कौर ने 1-1 विकेट हासिल कर गेंदबाजी में संतुलित प्रदर्शन किया।

भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मैच 8 विकेट से जीता, दूसरे मैच में 7 विकेट से जीत दर्ज की, तीसरे मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया और चौथा मैच 30 रन से जीतकर पहले ही सीरीज पर कब्जा जमा लिया था। पांचवें मैच की जीत ने भारत के इस दबदबे को और पुख्ता कर दिया।