Trending

करीब एक साल बाद मैदान पर लौटने को तैयार मयंक यादव

बीसीसीआई ने दी फिटनेस अपडेट

लगभग एक साल तक पीठ के निचले हिस्से में ऐंठन के कारण क्रिकेट से दूर रहने के बाद भारतीय तेज गेंदबाज मयंक यादव की वापसी अब नज़र आने लगी है।

23 वर्षीय यह पेसर, जिसने आईपीएल 2024 में अपनी तूफानी रफ्तार और आक्रामक गेंदबाजी से सबका ध्यान खींचा था, अब दोबारा अपनी पूरी क्षमता के साथ गेंदबाजी करने के लिए फिटनेस के आख़िरी पड़ाव पर पहुंच चुका है।

इसके बाद वह सबसे छोटे प्रारूप में भारत के लिए भी खेले। हालांकि पीठ की चोट के कारण वह 2025 में केवल दो प्रतिस्पर्धी मैच ही खेल पाए।

मयंक की फिटनेस संबंधी समस्याओं के बावजूद उनकी आईपीएल टीम लखनऊ सुपर जायंट्स ने इस तेज गेंदबाज पर भरोसा दिखाया और पिछले महीने हुई नीलामी से पहले उन्हें अपनी टीम में बनाए रखा।

© BCCI

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने एक समाचार एजेंसी को बताया, ‘‘मयंक यादव अच्छी प्रगति कर रहे हैं और वह अपनी पूरी क्षमता के साथ गेंदबाजी करने के करीब हैं।

उन्होंने अपनी ताकत और शारीरिक क्षमता में भी महत्वपूर्ण सुधार दिखाया है, जिससे वह तेज गेंदबाजी के लिए आवश्यक अधिकतम फिटनेस स्तर हासिल करने के करीब पहुंच गए हैं।’’ अधिकारी ने भारतीय बल्लेबाज रियान पराग की फिटनेस को लेकर भी जानकारी दी, जो दाहिने कंधे में चोट के कारण विजय हजारे ट्रॉफी में नहीं खेल रहे हैं।

उन्होंने आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच छह दिसंबर को खेला था। अधिकारी ने कहा, ‘‘रियान ने 16 दिसंबर 2025 को अपने दाहिने कंधे में इंजेक्शन लगवाने के बाद अच्छी प्रगति दिखाई है।

उनके कंधे में अब किसी तरह का दर्द नहीं है। उन्होंने नेट में थ्रो-डाउन और स्पिनरों के खिलाफ बल्लेबाजी का अभ्यास फिर से शुरू कर दिया है।’’