Trending

आलोचनाओं के बीच शशि थरूर ने किया गंभीर का बचाव, नेतृत्व को बताया सराहनीय

भारतीय कोच गौतम गंभीर को कांग्रेस सांसद शशि थरूर का समर्थन मिला है। थरूर ने गंभीर की जमकर तारीफ की और उनके काम को प्रधानमंत्री मोदी के बाद सबसे ज्यादा कठिन बताया।

खास बात है कि कांग्रेस सांसद की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है, जब गंभीर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज गंवाने के बाद आलोचकों के निशाने पर आ गए थे।

थरूर ने एक्स पर लिखा, ‘नागपुर में पुराने दोस्त गौतम गंभीर के साथ खुलकर और अच्छी बात हुई, जो भारत के प्रधानमंत्री के बाद सबसे मुश्किल काम करने वाले इंसान हैं।

लाखों लोग रोज उनके फैसलों पर सवाल उठाते हैं, लेकिन वह शांत रहते हैं और बगैर डरे आगे बढ़ते हैं। उनकी शांत दृढ़ता और नेतृत्व तारीफ के काबिल हैं। उन्हें सभी सफलताओं के लिए शुभकामनाएं।’

@ShashiTharoor

थरूर ने गंभीर के लिए यह संदेश बुधवार को संपन्न हुए टी20 मैच के पहले लिखा था। खास बात है कि सीरीज के पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 48 रनों के अंतर से हरा दिया है।

थरूर की पोस्ट पर गंभीर ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस सांसद का धन्यवाद किया और कहा, ‘जब यह शोर-शराबा (मामला) शांत होगा, तब कोच की तथाकथित ‘असीमित शक्ति’ की सच्चाई और तर्क सबके सामने साफ हो जाएंगे। तब तक, मुझे अपने ही लोगों के खिलाफ खड़ा किए जाने पर हंसी आ रही है, जो कि दुनिया के सबसे बेहतरीन लोग हैं!’

भारत ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 84 रन की धमाकेदार पारी से बुधवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 48 रन से जीत दर्ज की। इस तरह पांच मैच की श्रृंखला में भारत 1-0 से आगे हो गया। रिंकू सिंह ने अंत में नाबाद 44 रन बनाए। इससे भारत ने सात विकेट पर 238 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया।