लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी व सुषमा की जोड़ी ने जीता महिला युगल खिताब
योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026
लखनऊ। लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी व सुषमा की जोड़ी ने अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में आयोजित योनेक्स–सनराइज यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में कोर्ट पर बेहतरीन जुगलबंदी दिखाते हुए महिला युगल 45 वर्ष से अधिक का खिताब अपने नाम कर लिया।
लखनऊ के अरुण कक्कड़ सहित कई खिलाड़ियों ने फाइनल में बनाई जगह
मधु ने इसी के साथ महिला एकल 45 वर्ष से अधिक के फाइनल में भी जगह बना ली। दूसरी ओर लखनऊ के अरुण कक्कड़ ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक के फाइनल में जगह बना ली।
उत्तर प्रदेश बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में लखनऊ बैडमिंटन संघ के सचिव एवं ख्याति प्राप्त बैडमिंटन खिलाड़ी स्वर्गीय अनिल कुमार ध्यानी की स्मृति में इस चैंपियनशिप का आयोजन बीबीडी यूपी बैडमिंटन एकेडमी, विपिन खण्ड, गोमती नगर, लखनऊ में किया जा रहा है।
दूसरे दिन खेले गए मैचों में महिला एकल 50 वर्ष से अधिक में लखनऊ की सुषमा और मिश्रित युगल 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में दूसरी वरीय लखनऊ के शैलेंद्र पावाह व मधु ज्ञानचंदानी भी खिताबी होड़ में पहुंच गए।

आज खेले गए मैचों में महिला युगल 45 वर्ष से अधिक के फाइनल में लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी व सुषमा ने निधि कनोदिया व सुनीता यादव (कानपुर/गाजियाबाद) को 21-4, 21-8 से हराकर खिताब जीता।
महिला एकल 45 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में लखनऊ की मधु ज्ञानचंदानी ने लखनऊ की ही सविता सिंह को 21-17, 16-21, 21-12 से पराजित कियाया जबकि दूसरे सेमीफाइनल में गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा ने दूसरी वरीय यूपी पुलिस की अर्चना को 21-12, 21-9 से हराते हुए फाइनल में जगह बनाई।

पुरुष युगल 65 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में लखनऊ के अरुण कक्कड़ व गोरखपुर के संजय श्रीवास्तव की जोड़ी ने मेरठ के रण पाल सिंह व वीरेंद्र सिंह को 21-9, 21-11 से हराकर खिताबी होड़ में जगह बनाई। अरुण कक्कड़ ने इसी के साथ पुरुष एकल 70 वर्ष से अधिक के क्वार्टर फाइनल में कानपुर के राजीव को 21-10, 21-11 से पराजित कर सेमीफाइनल में स्थान सुरक्षित किया।
महिला एकल 50 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में लखनऊ की सुषमा ने दूसरी वरीय कानपुर की निधि कनोदिया को 21-4, 21-7 से हराया।
मिश्रित युगल 45 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में दूसरी वरीय लखनऊ के शैलेंद्र पावाह व मधु ज्ञानचंदानी ने अनुतोष कमल व सविता सिंह को (बहराईच/लखनऊ) को 21-8, 21-8 से और रविंद्र सिंह व कल्पना सिंह (नोएडा/लखनऊ) ने शीर्ष वरीय सुरेंद्र कुमार व अनुराधा शर्मा (मेरठ/गाजियाबाद) को 21-13, 21-11 से हराया।
अन्य मैचों में महिला एकल 60 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में गाजियाबाद की रेखा सिंह ने नोएडा की ममता रानी यादव के खिलाफ 22-20, 23-21 से जीत दर्ज की।

दूसरी ओर महिला युगल 40 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में गाजियाबाद की अनुराधा शर्मा व मधुमिता मिश्रा ने रानी सुनीता व सविता सिंह (जालौन/लखनऊ) को 21-13, 20-22, 26-24 से हराया।
इसी के साथ पुरुष एकल 55 वर्ष से अधिक के सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय जौनपुर के धर्मेद्र शर्मा ने वाराणसी के राजीव कुमार सिंह को 21-15, 21-16 से और दूसरी वरीय कानपुर के पवन गुप्ता ने लखनऊ के एसके श्रीवास्तव को 15-11, 15-13 से हराया।