Trending

भारत–पाक मैच पर यू-टर्न की आहट, आईसीसी के सामने पाकिस्तान की शर्तें

टी20 वर्ल्ड कप में भारत–पाकिस्तान मैच को लेकर चल रही सियासी और क्रिकेटिंग खींचतान ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है। जिस पाकिस्तान ने पहले इस हाई-वोल्टेज मैच के बॉयकॉट की बात कही थी, अब वही पाकिस्तान बैकफुट पर आता दिख रहा है।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने रविवार को लाहौर में आईसीसी अधिकारियों के साथ अहम बैठक की, जिसमें भारत–पाक मैच को लेकर बीच का रास्ता निकालने पर चर्चा हुई।

इस बैठक में पाकिस्तान की ओर से साफ संकेत मिले कि वह बॉयकॉट का फैसला वापस लेने को तैयार है, लेकिन इसके लिए उसने आईसीसी के सामने कुछ शर्तें रखी हैं। ये शर्तें कितनी और किस हद तक मानी जाएंगी, यह अभी साफ नहीं है।

हालांकि, इतना जरूर स्पष्ट हो गया है कि पाकिस्तान इस मामले में किसी भी वक्त यू-टर्न ले सकता है। जब इस पूरे घटनाक्रम पर बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला से सवाल किया गया, तो उन्होंने बेहद साफ और संतुलित रुख अपनाया।

साभार : गूगल

एक न्यूज़ एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा, “मैं इन सब चीज़ों पर कोई कमेंट नहीं करूंगा। ना बीसीसीआई की तरफ से इस पर कोई कमेंट है। सारी चीज़ें आईसीसी पर छोड़ी हुई हैं। आईसीसी जो निर्णय लेगा हम वही मानेंगे। आईसीसी जो बताएगा वही करेंगे।”

भारत की ओर से गेंद पूरी तरह आईसीसी के पाले में डाल दी गई है। इधर, मैदान के बाहर चल रही हलचल से दूर भारतीय टीम पूरी तरह अपने ऑन-फील्ड कमिटमेंट्स पर फोकस करती नजर आ रही है।

अगले ग्रुप-स्टेज मुकाबले से पहले हेड कोच गौतम गंभीर ने रविवार शाम को नेशनल कैपिटल में अपने घर पर टीम के लिए एक खास डिनर होस्ट किया। इस डिनर में राजीव शुक्ला भी मौजूद रहे। यह आयोजन 12 फरवरी को अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ होने वाले मैच से ठीक पहले हुआ। भारतीय टीम ने अपने टाइटल डिफेंस की शुरुआत मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में यूएसए के खिलाफ 29 रन की शानदार जीत के साथ की।

पहले बल्लेबाजी करते हुए मेन इन ब्लू ने 161 रन का स्कोर खड़ा किया, जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 84 रन की बेहतरीन पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। मिडिल ऑर्डर में ईशान किशन और तिलक वर्मा ने भी अहम योगदान दिया।

जवाब में अमेरिकी टीम को भारतीय गेंदबाजों ने खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। मोहम्मद सिराज, अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह की अनुशासित गेंदबाजी के सामने यूएसए की टीम 132 रन पर ही सिमट गई। इस जीत से मिले मोमेंटम के साथ अब भारत गुरुवार को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ उतरकर ग्रुप स्टेज में अपनी स्थिति और मजबूत करने के इरादे से मैदान में कदम रखेगा।