Trending

मुजरबानी–बेनेट शो: जिम्बाब्वे ने ओमान को 8 विकेट से रौंदा

जिम्बाब्वे ने टी20 विश्व कप में दमदार वापसी का ऐलान करते हुए ग्रुप बी मुकाबले में ओमान को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी।

इस जीत की नींव ब्लेसिंग मुजरबानी की अगुवाई में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने रखी, जिसके बाद युवा बल्लेबाज ब्रायन बेनेट की नाबाद 48 रन की संयमित लेकिन प्रभावी पारी ने लक्ष्य को बेहद आसान बना दिया। जिम्बाब्वे ने 45 गेंद शेष रहते ही मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए ओमान जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 103 रन पर सिमट गई। जवाब में जिम्बाब्वे ने सिर्फ 13.3 ओवर में दो विकेट गंवाकर 106 रन बनाकर मुकाबला समाप्त कर दिया।

मुजरबानी ने तीन विकेट चटकाए और ओमान के शीर्ष क्रम की कमर तोड़ दी। उन्हें रिचर्ड नगारवा का शानदार साथ मिला, जिन्होंने तीन विकेट हासिल किए। ब्रैंड इवांस ने भी प्रभावशाली गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए और ओमान के निचले क्रम को समेट दिया।

@ Pakistan Cricket Board

ओमान की हालत इतनी खराब थी कि टीम ने 27 रन पर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए थे और बेहद कम स्कोर पर आउट होने का खतरा साफ नजर आने लगा था।

हालांकि विनायक शुक्ला ने 28 रन की तेज पारी खेली, जबकि सूफियान महमूद ने 25 रन और नदीम खान ने 20 रन बनाकर पारी को कुछ हद तक संभाला। इन तीनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका।

विनायक और सूफियान के बीच छठे विकेट के लिए हुई 42 रन की साझेदारी ने ओमान को पूरी तरह बिखरने से बचाया। इसके बाद नदीम खान ने अंतिम ओवरों में कुछ बड़े शॉट खेलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज तादिवांशे मारुमनी ने 21 रन बनाकर तेजी दिखाई, महमूद की गेंद पर वसीम अली के शानदार कैच ने उनकी पारी का अंत कर दिया। उसी ओवर में महमूद ने डियोन मायर्स को बिना खाता खोले आउट कर ओमान को दोहरी सफलता दिलाई।

इसके बाद युवा ब्रायन बेनेट और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने पारी को संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर जिम्बाब्वे को 13.3 ओवर में ही जीत दिला दी। टेलर ने 31 रन बनाए और रिटायर्ड हर्ट होकर बाहर गए।

बेनेट हाल के दिनों में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने इससे पहले घरेलू सरजमीं पर तीन अर्धशतक और एक शतक लगाकर जिम्बाब्वे को इस विश्व कप के लिए क्वालीफाई कराने में अहम भूमिका निभाई थी। इस मुकाबले में भी उन्होंने अपनी परिपक्व बल्लेबाजी से टीम को निराश नहीं किया।

अनुभवी ब्रेंडन टेलर ने भी दबाव के क्षणों में बेहतरीन शॉट्स खेलते हुए टीम को आसान जीत की ओर पहुंचाया। पिछला टी20 विश्व कप मिस करने के बाद जिम्बाब्वे की टीम इस टूर्नामेंट में खुद को साबित करने के इरादे से उतरी है और यह जीत उसी दिशा में एक मजबूत कदम मानी जा रही है।

टॉस जीतकर कप्तान सिकंदर रजा ने गेंदबाजी का फैसला किया, जिसे उनके गेंदबाजों ने पूरी तरह सही साबित किया। मुजरबानी ने शुरुआती दो ओवर में तीन विकेट झटके, जबकि नगारवा ने एक विकेट लिया, जिससे चार ओवर के भीतर ओमान का स्कोर चार विकेट पर सिर्फ 17 रन हो गया।

पावरप्ले के बाद गेंदबाजी करने आए रजा ने वसीम अली (तीन रन) को बोल्ड कर ओमान को 27 रन पर पांचवां झटका दिया। इसके बाद विनायक और महमूद ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन उनकी साझेदारी को नगारवा ने विनायक को विकेटकीपर ब्रेंडन टेलर के हाथों कैच कराकर तोड़ दिया।

इवांस ने महमूद को डीप स्क्वायर लेग पर कैच कराकर ओमान को 76 रन पर आठवां झटका दिया। इसके बाद नदीम खान ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ कुछ बड़े शॉट लगाकर टीम को 100 रन के पार पहुंचाया।