एफआईएच प्रो लीग : बेल्जियम और अर्जेंटीना से भिड़ने को भारत की मजबूत टीम तैयार
भारतीय पुरुष हॉकी टीम बुधवार से राउरकेला में शुरू हो रहे एफआईएच प्रो लीग में बेल्जियम और अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान को शानदार शुरुआत देने के लिए तैयार है। पिछली बार भारत आठवें स्थान पर रहा था, लेकिन इस बार टीम मजबूत प्रदर्शन के इरादे के साथ उतर रही है।
टीम का पहला मुकाबला बुधवार को बेल्जियम के खिलाफ होगा, इसके बाद गुरुवार को अर्जेंटीना से भिड़ंत होगी। शनिवार को भारतीय टीम एक बार फिर बेल्जियम का सामना करेगी और रविवार को अर्जेंटीना के खिलाफ अपने अभियान का समापन करेगी।
भारतीय टीम में अनुभव और युवा प्रतिभाओं का संतुलित मिश्रण है, जो शीर्ष रैंकिंग वाली दोनों टीमों के खिलाफ परिस्थितियों का लाभ उठाने की कोशिश करेगा। भारत के लिए यह पहला प्रो लीग मुकाबला है, जबकि बेल्जियम और अर्जेंटीना पहले ही सत्र में शानदार प्रदर्शन कर राउरकेला पहुंच चुके हैं।
अर्जेंटीना 11 अंकों के साथ तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसने चार मैचों में तीन में सीधे और एक में शूटआउट के जरिए जीत दर्ज की है। बेल्जियम चार मैचों में 10 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। उसने तीन मैच सीधे जीतें, जबकि एक मैच शूटआउट में हार गया।

हाल के वर्षों में भारत का बेल्जियम के खिलाफ रिकॉर्ड खासा अच्छा नहीं रहा है। 2013 से अब तक दोनों टीमों के बीच 35 मैच खेले गए, जिसमें बेल्जियम ने 22 और भारत ने 11 मैच जीते, जबकि दो मैच ड्रॉ रहे।
इसके विपरीत, अर्जेंटीना के खिलाफ भारत का प्रदर्शन बेहतर रहा है। 2013 से अब तक 19 मैचों में भारत ने 10 और अर्जेंटीना ने 7 मैच जीते। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा, “अमनदीप लाकड़ा, मनमीत सिंह और रोसन कुजूर जैसे युवा खिलाड़ियों को टीम में मौका मिलते देखकर मुझे बहुत खुशी हो रही है।
उन्होंने हाल ही में हीरो हॉकी इंडिया लीग में शानदार प्रदर्शन किया। यह उनके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खुद को साबित करने का सही समय है। मुझे पूरा विश्वास है कि वे इस अवसर का भरपूर फायदा उठाएंगे।”
कप्तान ने आगे कहा, “पूरी टीम फिट, प्रेरित और उत्साहित है। हम इन युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाते और टीम में महत्वपूर्ण योगदान देते देखना चाहते हैं।” बिरसा मुंडा हॉकी स्टेडियम में दर्शकों का अपार समर्थन भारतीय टीम के लिए उत्साह बढ़ाने वाला होगा, और टीम इसका पूरा लाभ उठाना चाहेगी।
इसके विपरीत, बेल्जियम के कप्तान आर्थर वैन डोरेन ने अर्जेंटीना और भारत के खिलाफ मुकाबलों से पहले कहा, “यहां समय बिताने से परिस्थितियों के अनुकूल ढलने में मदद मिलती है। हमारी टीम पहले पहुंच चुकी है और हमने अच्छा अभ्यास किया है। टीम आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरी है और हम प्रो लीग के राउरकेला चरण के लिए अपनी तैयारियों से बेहद संतुष्ट हैं।”