टी20 में सबसे सफल कप्तान बने सूर्यकुमार यादव, रोहित और कोहली को पछाड़ा
सूर्यकुमार यादव भारतीय टीम के नंबर वन टी-20 कप्तान बन चुके हैं। उन्होंने भारत के महान कप्तान रोहित शर्मा सहित विराट कोहली और एमएस धोनी का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सूर्यकुमार यादव का अब टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विनिंग पर्सेंटेज कप्तान के तौर पर भारत के लिए सबसे अच्छा है।
कम से कम 50 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी करने वाले किसी भी कप्तान का जीत प्रतिशत इतना नहीं है, जितना की सूर्यकुमार यादव का है। यहां तक कि वे दुनिया के दूसरे ऐसे कप्तान हैं, जिनका जीत प्रतिशत सबसे ज्यादा है।
रविवार 1 मार्च को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 के आखिरी मैच में सूर्यकुमार यादव 50वीं बार भारतीय टीम के कप्तान के तौर पर किसी टी20 इंटरनेशनल मैच में उतरे। इस मैच में भारतीय टीम को जीत मिली, जो कि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत की 40वीं जीत थी।
इसी के साथ उन्होंने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड धराशायी कर दिया। साथ में विराट कोहली और रोहित शर्मा भी पीछे छूट गए। सूर्यकुमार यादव से पहले भारत के लिए ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम दर्ज था, जिनका जीत प्रतिशत 79.83 था।

सूर्यकुमार यादव का जीत प्रतिशत टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 81.25 है। उनसे आगे सिर्फ इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में अफगानिस्तान के असगर अफगान हैं, जिन्होंने 50 से ज्यादा मैचों में कप्तानी की है और जीत प्रतिशत उनका 81.73 का है।
वहीं, भारत के लिए तीसरे नंबर पर विराट कोहली हैं, जिनका जीत प्रतिशत 64.58 का है। इसके अलावा एमएस धोनी ने 59.28 प्रतिशत के हिसाब से भारत को मैच जिताए थे। यही चार कप्तान भारत के हैं, जिन्होंने 50 या इससे ज्यादा मैचों में कप्तानी की है।
भारतीय कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा जीत प्रतिशत टी-20 क्रिकेट में
81.25 – सूर्यकुमार यादव (50 मैच)
79.83 – रोहित शर्मा (62 मैच)
64.58 – विराट कोहली (50 मैच)
59.28 – एमएस धोनी (72 मैच)