सिंधु का दुबई से बेंगलुरु लौटने का संदेश: ‘अब आराम और अगली प्रतियोगिताओं पर ध्यान
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु खाड़ी में जारी जंग के बाद हवाई क्षेत्र बंद किए जाने के चलते बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में नहीं खेल पाएंगी और वह दुबई से स्वदेश लौट गई हैं। सिंधु इंग्लैंड जाने के लिए उड़ान नहीं मिल पाने के कारण दुबई में फंसी हुई थी।
उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, ‘‘बेंगलुरु में अपने घर लौट गई हूं और सुरक्षित हूं। पिछले कुछ दिन बेहद तनावपूर्ण और अनिश्चित रहे हैं। मैं ईश्वर की आभारी हूं कि मैं वापस अपने घर लौट आई हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘दुबई की बेहतरीन ग्राउंड टीम, दुबई के अधिकारियों, हवाई अड्डे के कर्मचारियों, आव्रजन विभाग और उन सभी लोगों का तहेदिल से आभार जिन्होंने इस बेहद मुश्किल समय में हमारी अच्छी देखभाल की।
उनकी सहानुभूति और पेशेवर रवैए को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।’’ उन्होंने कहा, ‘‘फिलहाल अब आराम करने, खुद को तरोताजा करने और अगली प्रतियोगिताओं के बारे में सोचने का समय है।’’

पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु दुबई होते हुए बर्मिंघम जा रही थीं, लेकिन अमेरिका और इजरायल के ईरान पर किए गए हमले के बाद खाड़ी क्षेत्र में उड़ान संचालन रोक दिया गया जिसके कारण वह दुबई में फंस गई थी।
Back home in Bangalore and safe 🙏
The last few days have been intense and uncertain, but I’m truly grateful to be back to my house. A heartfelt thank you to the incredible ground teams, Dubai authorities, airport staff, immigration, and every single person who stepped up and…
— Pvsindhu (@Pvsindhu1) March 3, 2026
ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दुबई पर भी हमला किया। सिंधु ने कहा कि उनके और उनकी टीम के लिए यह अनुभव भयावह था। उनकी टीम में इंडोनेशिया के रहने वाले कोच इरवानस्याह आदि प्रतामा भी शामिल थे।