प्राग शतरंज महोत्सव : गुकेश 20वें स्थान पर, अरविंद ने हमवतन को हराया
मौजूदा चैंपियन अरविंद चिदंबरम ने प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के मास्टर्स वर्ग के छठे दौर में अपने सटीक रणनीतिक खेल से हमवतन डी गुकेश को हराया।
इस जीत के साथ ही गुकेश, जो दिसंबर 2024 में विश्व चैंपियन बने थे, लाइव रेटिंग सूची में 20वें स्थान पर खिसक गए। वहीं, किसी प्रतियोगिता में भाग न लेने के कारण पूर्व विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद इस सूची में नहीं हैं।
दिसंबर 2024 में खिताब जीतने के बाद से, गुकेश को अपने विश्व चैंपियन का रुतबा बनाए रखने में लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है। जनवरी 2025 में टाटा स्टील मास्टर्स टूर्नामेंट ही एकमात्र ऐसा अवसर था, जब उन्होंने पहले स्थान के लिए टाईब्रेकर खेला था, लेकिन हमवतन आर प्रज्ञाननंदा से हार गए।
अरविंद ने काले मोहरों से खेलते हुए पहले फिलिडोर डिफेंस अपनाया, जो असफल रहा। इसके बाद उन्होंने सिसिलियन डिफेंस में बदलाव किया, जिससे गुकेश के लिए मुश्किलें खड़ी हो गईं।

मिडिल गेम के शुरुआती चरण में गुकेश ने एक प्यादा कुर्बान कर दिया, जिससे स्थिति उनके लिए और जटिल हो गई। अरविंद ड्रॉ से संतुष्ट होते, लेकिन 40वीं चाल में गुकेश की गलती ने खेल का रूख बदल दिया। अरविंद ने इसका फायदा उठाते हुए 48वीं चाल में जीत दर्ज की।
दिन के अन्य मैचों में ड्रॉ परिणाम रहे। इस तरह, जॉर्डन वैन फोरेस्ट 4.5 अंकों के साथ एकल बढ़त बनाए हुए हैं। उन्होंने स्थानीय स्टार डेविड नवारा के साथ अंक साझा किया। नवारा 4 अंकों के साथ उज्बेकिस्तान के अब्दुसत्तोरोव नोदिरबेक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं।
ईरान के परहम मगसूदलू के खिलाफ ड्रॉ खेलने के बाद डेविड एंटोन गुइजारोव 3.5 अंकों के साथ अगले स्थान पर हैं। इसके बाद अरविंद, जर्मनी के विन्सेंट कीमर और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोएव का क्रम आता है। नीमन 1.5 अंकों के साथ गुकेश से ठीक ऊपर हैं।
चैलेंजर्स वर्ग में, विश्व महिला कप विजेता दिव्या देशमुख ने नीदरलैंड के थॉमस बीर्डसेन के साथ ड्रॉ खेला, जबकि सूर्य शेखर गांगुली ने स्पेन के डैनियल युफ्फा के साथ अंक साझा किए।