लगातार दूसरे साल एमवीपी बने मेस्सी, व्हाइट हाउस में सम्मानित
दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेस्सी ने पिछले साल मेज़र लीग सॉकर कप जीत के बाद अपने क्लब इंटर मियामी के सम्मान में व्हाइट हाउस में आयोजित एक भव्य समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मेस्सी को रत्नजड़ित गुलाबी फुटबॉल भेंट की, जो इस जीत का प्रतीक बन गया।
इंटर मियामी ने दिसंबर में वैंकूवर व्हाइटकैप्स को हराकर मेजर लीग सॉकर का खिताब अपने नाम किया था। अर्जेंटीना के सुपरस्टार मेस्सी को लगातार दूसरे सत्र में सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (एमवीपी) चुना गया, जो उनके बेहतरीन प्रदर्शन का संकेत है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने मेस्सी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा, “लियो, आपने टीम से जुड़कर न सिर्फ जीत हासिल की, बल्कि उस दबाव को भी पार किया, जो शायद किसी को दिखाई नहीं देता। उम्मीद थी कि आप टीम को जीत दिलाएंगे, और आपने यह कर दिखाया।”

समारोह में मेस्सी ने ट्रंप के साथ प्रवेश किया, लेकिन कार्यक्रम के दौरान भाषण नहीं दिया। ट्रंप ने अपने संबोधन में आगे कहा, “आप दुनिया में कहीं भी जा सकते थे, कोई भी टीम चुन सकते थे, लेकिन आपने मियामी को चुना। इसके लिए मैं आपका धन्यवाद करता हूं। आपने हमें इस सफर का हिस्सा बनाया। आप न केवल प्रतिभाशाली हैं, बल्कि एक बेहतरीन इंसान भी हैं।”