255 रन, 96 से जीत और अब गोल्ड का सपना—सूर्यकुमार की बड़ी प्लानिंग
बतौर कप्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर भी सूर्यकुमार यादव का मन नहीं भरा है। उन्होंने न्यूजीलैंड को रौंदने के बाद टीम इंडिया का अगला गोल ‘गोल्ड’ बताया है।
दरअसल, अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों के बड़े अंतर से हराकर लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया। लेकिन इस ऐतिहासिक जीत के बाद भी कप्तान सूर्यकुमार यादव की नजर अब अगले बड़े लक्ष्य पर टिक चुकी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन के अर्धशतकों से 255 रन बोर्ड पर लगाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रनों पर सिमट गई और भारत ने 96 रन से शानदार जीत दर्ज की।
फाइनल के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव ने कहा, “जाहिर है, पिछले एक महीने में यह एक शानदार सफर रहा है, हालांकि यह उस तरह से शुरू नहीं हुआ जैसा हम चाहते थे, लेकिन फिर यह खेल का हिस्सा है।

आज तक के पूरे सफर में यह बहुत खास रहा है और एक टीम के तौर पर हमने जो हासिल किया है, मुझे लगता है कि यह आपके सामने है, इसलिए मैं उससे बहुत खुश हूं और जैसा कि आपने सही कहा, निश्चित रूप से अगला गोल ओलंपिक्स है, और उस साल टी-20 वर्ल्ड कप भी। भूलना मत।”
भारतीय कप्तान ने इस दौरान टीम के बदले हुए नजरिए पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि 2024 टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया के खेलने का तरीका ही बदल गया और टीम ने ज्यादा आक्रामक और आधुनिक क्रिकेट अपनाया।
उन्होंने कहा, “2024 के बाद सब कुछ बदल गया। हमने 2024 में एक अलग तरह का क्रिकेट खेला, और वहां से हम समझ गए कि इस टीम को कैसे आगे बढ़ना है, कैसे खेलना है। और तब से यह एक शानदार सफर रहा है।”
सूर्यकुमार यादव के मुताबिक, टीम की यह नई सोच 2025 की आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में जीत के साथ और मजबूत हुई और फिर घरेलू मैदान पर 2026 टी20 वर्ल्ड कप में उसका नतीजा पूरी दुनिया ने देखा।
उन्होंने कहा, “हमने 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीती, बिल्कुल अलग तरह का क्रिकेट खेला, और अब, 2026 में, हम यहीं घरेलू दर्शकों के सामने कुछ खास करना चाहते थे। इसलिए हम 27 – 28 – 29 तक ऐसा करना जारी रखना चाहते हैं और कभी रुकना नहीं चाहते।”