Trending

आईपीएल 2026 से पहले गुजरात टाइटंस का बड़ा दांव, मैथ्यू हेडन बने बैटिंग कोच

टी20 विश्व कप खत्म हो चुका है और भारतीय क्रिकेट फैंस अभी भी जीत के जश्न के माहौल में डूबे हुए हैं। विश्व कप की इस खुशी का खुमार शायद तब तक कायम रहेगा, जब तक इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का नया सीजन शुरू नहीं हो जाता।

ऐसे में फैंस की नजरें अब आईपीएल पर टिक गई हैं। इसी बीच आईपीएल फ्रेंचाइजी गुजरात टाइटंस ने अपनी टीम को और मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है।

टीम ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को अपना नया बैटिंग कोच नियुक्त किया है। इस फैसले की जानकारी फ्रेंचाइजी ने मंगलवार को जारी एक आधिकारिक प्रेस रिलीज के जरिए दी।

मैथ्यू हेडन को क्रिकेट इतिहास के सबसे खतरनाक ओपनर बल्लेबाजों में गिना जाता है। अपने समय में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का खौफ गेंदबाजों में साफ दिखाई देता था। गुजरात टाइटंस ने उन्हें अपने बैटिंग कोच के रूप में जोड़कर अपने सपोर्ट स्टाफ को और मजबूत बनाने की कोशिश की है, जिससे टीम की बल्लेबाजी को नई दिशा मिल सके।

© Getty

ऑस्ट्रेलिया की विश्व विजेता टीम का हिस्सा रहे मैथ्यू हेडन अपने दौर के सबसे प्रभावशाली ओपनर बल्लेबाजों में शामिल रहे हैं।

गुजरात टाइटंस के बैटिंग कोच बनने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए हेडन ने कहा, “अच्छी बल्लेबाजी दबाव बनाती है और अच्छी बल्लेबाजी ही मैच जिताती है। गुजरात टाइटंस के लिए हम यही मानक तय करना चाहते हैं।”

गुजरात टाइटंस के क्रिकेट डायरेक्टर विक्रम सोलंकी ने कहा कि मैथ्यू हेडन की नियुक्ति टीम की यात्रा के एक अहम पड़ाव पर हुई है। उन्होंने कहा, “मैथ्यू की नियुक्ति हमारी यात्रा के एक बहुत ही महत्वपूर्ण चरण में हुई है।

एक फ्रेंचाइजी के तौर पर हम उत्कृष्टता और दीर्घकालिक सफलता के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम लगातार अपने क्रिकेटिंग इकोसिस्टम को मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं। उनका अनुभव सर्वोच्च स्तर का है और उभरती प्रतिभाओं को निखारने की उनकी क्षमता आने वाले सीजन में हमारी बल्लेबाजी की पहचान को आकार देने में अहम भूमिका निभाएगी।”

अगर मैथ्यू हेडन के अंतरराष्ट्रीय करियर की बात करें तो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए अलग-अलग फॉर्मेट में कुल 273 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले और 15000 से ज्यादा रन बनाए।

उन्होंने कई आईसीसी टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया की जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और लंबी पारियां खेलने की क्षमता ने उन्हें अपने दौर के महान बल्लेबाजों में शामिल किया। खासकर सीमित ओवरों के क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान आक्रामक बल्लेबाजी को नई पहचान देने में उनका बड़ा योगदान माना जाता है।

मैथ्यू हेडन आईपीएल में बतौर खिलाड़ी भी हिस्सा ले चुके हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स से 32 मैच खेले, जिसमें 8 अर्धशतकों की मदद से 1107 रन बनाए थे।