वानखेड़े में रनवर्षा: मुंबई इंडियंस ने हाई-स्कोरिंग मुकाबले में केकेआर को हराया
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने अपने सफर का आगाज शानदार जीत के साथ किया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में एमआई ने 6 विकेट से जीत दर्ज की। 2012 के बाद यह पहला मौका है जब एमआई ने किसी सीजन का पहला मैच जीता है।
221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई को रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने जबरदस्त शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन जोड़े।
रोहित शर्मा 78 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए। उन्होंने 38 गेंदों की पारी में 6 चौके और 6 छक्के लगाए और सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो आईपीएल में उनका सबसे तेज अर्धशतक है। यह उनका आईपीएल करियर का 50वां अर्धशतक भी रहा।

रयान रिकल्टन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर 81 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के और 4 चौके शामिल थे। सूर्यकुमार यादव ने 8 गेंदों पर 16 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा ने 14 गेंदों में 20 रन जोड़े। कप्तान हार्दिक पांड्या 11 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहे और नमन घीर ने 2 गेंदों पर 5 रन बनाए। एमआई ने 20वें ओवर की पहली गेंद पर 4 विकेट खोकर 224 रन बनाते हुए मैच जीत लिया।
केकेआर से वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नरेन ने 1-1 विकेट हासिल किया। इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाए।
टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने सबसे ज्यादा 67 रन बनाए। उन्होंने 40 गेंदों में 5 छक्के और 3 चौके लगाए। युवा बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 29 गेंदों पर 51 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 6 चौके शामिल थे।
फिन एलेन ने 17 गेंदों पर 37 रन बनाए, रिंकू सिंह ने 21 गेंदों पर नाबाद 33 रन जोड़े, और कैमरून ग्रीन ने 10 गेंदों पर 18 रन बनाए। मुंबई इंडियंस से शार्दुल ठाकुर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि कप्तान हार्दिक पांड्या ने 3 ओवर में 39 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।