शोर ‘वैभव’ का, स्कोर छोटा; इकाना में दिखी जबरदस्त दीवानगी
सारांश
* दीवानगी चरम पर: वैभव सूर्यवंशी के नाम से गूंजता रहा इकाना, लेकिन सिर्फ 8 रन बनाकर लौटे पवेलियन
* बाजार में असर: एलएसजी का घर लेकिन फिर भी बिकी राजस्थान की जर्सियां
* सन्नाटा: आउट होते ही थम गया शोर
* ट्रैफिक दबाव: शहीद पथ पर लंबा जाम बना लोगों की परेशानी
लखनऊ, ब्यूरो। आईपीएल 2026 के मुकाबले में बुधवार को इकाना स्टेडियम के बाहर एक अनोखा नजारा देखने को मिला। मैदान भले ही लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का था, लेकिन माहौल पूरी तरह राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी के पक्ष में नजर आया।

इकाना में जिस वैभव सूर्यवंशी के नाम की गूंज थी, उनकी पारी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। महज 8 रन बनाकर वह मोहसिन खान की गेंद पर कैच दे बैठे। एक पल पहले तक जो स्टेडियम ‘वैभव-वैभव’ के नारों से गूंज रहा था, उनके आउट होते ही वहां सन्नाटा छा गया।
जर्सी बाजार में ‘पिंक’ का दबदबा स्टेडियम के प्रवेश द्वारों पर इस बार नीले रंग के मुकाबले गुलाबी जर्सी की मांग कई गुना अधिक रही। फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले विक्रेताओं ने बताया कि वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता का आलम यह था कि मैच शुरू होने से पहले ही 1200 से ज्यादा जर्सियां बिक चुकी थीं।

क्रिकेट सीखने वाले स्थानीय युवा खिलाड़ी भी इस बार राजस्थान की जर्सी में अपने पसंदीदा सितारे का हौसला बढ़ाते दिखे। एक अन्य दुकानदार के मुताबिक, उसके पास मौजूद सूर्यवंशी के नाम वाली सभी 75 जर्सियां चंद मिनटों में खत्म हो गईं।

स्टेडियम में दिखा ‘वैभव’ का जादू स्टेडियम के गेट नंबर एक से लेकर स्टैंड्स तक, हर तरफ ‘वैभव-वैभव’ के नारे सुनाई दिए। 8 से 20 साल के प्रशंसकों में इस 15 वर्षीय खिलाड़ी के प्रति दीवानगी साफ देखी गई। हाथों में पोस्टर और आंखों में उत्साह लिए प्रशंसकों की टोलियां सिर्फ वैभव की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करती रहीं।

जाम के झाम में फंसा शहर मैच के रोमांच के साथ ही लखनऊ की ट्रैफिक व्यवस्था ने एक बार फिर दम तोड़ दिया। शहीद पथ पर जी-20 मार्ग से लेकर अहिमामऊ चौराहे तक करीब 4 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

आईपीएल के पिछले मैचों की तरह इस बार भी स्थिति बेकाबू रही, जिससे अस्पताल जाने वाले मरीजों और दफ्तर से लौट रहे लोगों को भीषण गर्मी और जाम में जूझना पड़ा।