Trending

प्रधानमंत्री ने मिशन दृष्टि के सफल प्रक्षेपण पर गैलेक्सआई को बधाई दी 

प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी ने मिशन दृष्टि के सफल प्रक्षेपण पर गैलेक्सआई के संस्थापकों और पूरी टीम को बधाई दी है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि गैलेक्सआई द्वारा शुरू किया गया मिशन दृष्टि भारत की अंतरिक्ष यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। श्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि विश्व के पहले ऑप्टोसार उपग्रह और भारत में निर्मित सबसे बड़े निजी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण युवाओं के नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति जुनून का प्रमाण है। उन्होंने गैलेक्सआई के संस्थापकों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।

प्रधानमंत्री ने एक्‍स पर पोस्ट किया कि ‘‘गैलेक्सआई द्वारा शुरू किया गया मिशन दृष्टि हमारी अंतरिक्ष यात्रा में एक बड़ी उपलब्धि है। दुनिया के पहले ऑप्टोसार उपग्रह और भारत में निर्मित सबसे बड़े निजी उपग्रह का सफल प्रक्षेपण नवाचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारे युवाओं के जुनून का प्रमाण है।’’ गैलेक्सआई के संस्थापकों और पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

भारतीय अंतरिक्ष संघ ने कहा है कि मिशन दृष्टि का सफल प्रक्षेपण भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र सुधारों के लिए एक निर्णायक प्रमाण के रूप में कार्य करता है। यह भारत की हर मौसम में पृथ्वी की अंतरिक्ष से निगरानी की दिशा में बड़े कदम के रूप में बदलाव का संकेत भी देता है। यह मिशन दर्शाता है कि निजी कंपनियां अब राष्ट्रीय सुरक्षा और आपदा राहत में उपयोग होने वाली महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों को विकसित करने में सक्षम हैं। मिशन दृष्टि के तहत गैलेक्सीआई के पहले उपग्रह का सफल प्रक्षेपण, जो किसी भारतीय निजी कंपनी द्वारा निर्मित अब तक का सबसे बड़ा उपग्रह भी है। पृथ्वी के अवलोकन के प्रति भारत के दृष्टिकोण में एक महत्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है।

यह बयान बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप गैलेक्सीआई के अपने पहले वाणिज्यिक उपग्रह, मिशन दृष्टि, के सफल प्रक्षेपण के बाद आया। यह विश्व का पहला ऑप्टोसार सैटेलाइट बताया जा रहा है। यह प्रक्षेपण पृथ्वी के अवलोकन प्रौद्योगिकियों में एक महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है और वैश्विक अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की बढ़ती क्षमताओं को मजबूत करता है।
लगभग 190 किलोग्राम वजनी मिशन दृष्टि भारत में निजी तौर पर विकसित किया गया सबसे बड़ा पृथ्वी अवलोकन उपग्रह है।

यह विश्व का पहला उपग्रह है, जो इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल (ईओ) और सिंथेटिक एपर्चर रडार (एसएआर) सेंसर को एक ही प्लेटफॉर्म में एकीकृत करता है, जिससे दिन और रात, सभी मौसम स्थितियों में इमेजिंग संभव हो पाती है। ऑप्टोसार के व्यावसायीकरण के साथ, गैलेक्सी आई ने वह उपलब्धि हासिल की है जो कुछ ही वैश्विक कंपनियों ने हासिल की है। निरंतर, हर मौसम में जानकारी प्राप्त करने के लिए ऑप्टिकल और रडार क्षमताओं का निर्बाध एकीकरण करने में सक्षम है। इसकी सबसे खास बात सिर्फ तकनीक ही नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में मूल्य को परिभाषित करने वाले आगे के अनुप्रयोगों पर इसका व्यापक प्रभाव है। खासकर पृथ्वी अवलोकन में, जहां समय पर और निर्णय लेने योग्य जानकारी बेहद महत्वपूर्ण है।