जैस्मीन पाओलिनी की संघर्षपूर्ण जीत, इटैलियन ओपन के तीसरे दौर में पहुंचीं
घरेलू दर्शकों की उम्मीदों और लगातार दबाव के बीच मौजूदा विजेता जैस्मीन पाओलिनी ने गुरुवार को इटैलियन ओपन में बेहद संघर्षपूर्ण जीत दर्ज करते हुए तीसरे दौर में जगह बनाई। नौवीं वरीयता प्राप्त पाओलिनी को फ्रांस की क्वालीफायर लियोलिया जीनजीन के खिलाफ जीत के लिए पूरे 2 घंटे 55 मिनट तक कड़ी मेहनत करनी पड़ी। आखिरकार उन्होंने 6-7(4), 6-2, 6-4 से मुकाबला अपने नाम किया।
अपने घरेलू कोर्ट पर खेल रहीं पाओलिनी शुरुआत से ही दबाव में दिखी। उन्होंने मैच में 54 विनर्स लगाए, लेकिन 57 अनफोर्स्ड एरर्स भी किए, जिसने उनके प्रदर्शन को अस्थिर बना दिया। दर्शकों को कभी उनके शानदार शॉट्स ने उत्साहित किया तो कभी लगातार गलतियों ने निराश किया।
मैच के बाद पाओलिनी ने स्वीकार किया कि शुरुआत में वह नर्वस थीं। उन्होंने कहा, “मैं थोड़ी घबराई हुई थी। मैच में बहुत उतार-चढ़ाव रहे। उन्होंने शानदार खेल दिखाया। यह आसान मुकाबला नहीं था, लेकिन मुझे खुशी है कि मैं पहले सेट के बाद वापसी कर सकी।” पहले सेट में पाओलिनी ने कई बार बढ़त बनाई और जीनजीन की सर्विस तीन बार ब्रेक की। 5-3 पर वह सेट जीतने के करीब भी पहुंचीं, लेकिन फ्रांसीसी खिलाड़ी ने हर बार दमदार वापसी कर मुकाबले को बराबरी पर बनाए रखा।

पाओलिनी के बैकहैंड विनर्स और नेट पर बेहतरीन टच देखने को मिले, हालांकि अहम मौकों पर हुई गलतियां उन्हें भारी पड़ीं। टाईब्रेक में जीनजीन ने आक्रामक खेल दिखाते हुए पहला सेट जीत लिया। पहला सेट गंवाने के बाद पाओलिनी ने दूसरे सेट में अपनी लय हासिल की और मुकाबले में वापसी की। निर्णायक सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कई लंबे और मल्टी-ड्यूस गेम देखने को मिले।
4-3 के स्कोर पर जीनजीन की सर्विस पर खेले गए सात ड्यूस वाले मैराथन गेम में पाओलिनी ने महत्वपूर्ण ब्रेक हासिल किया, जिसने मैच का रुख बदल दिया। संघर्षपूर्ण जीत के बाद अब तीसरे दौर में पाओलिनी का सामना 21वीं वरीयता प्राप्त एलीज मर्टेंस से होगा।