कट पार करने वाली इकलौती भारतीय अवनि, लेकिन तीसरे दौर में पिछड़ीं
भारत की युवा गोल्फर अवनि प्रशांत को लेडीज यूरोपियन टूर के अमुंडी जर्मन मास्टर्स गोल्फ टूर्नामेंट के तीसरे दौर में कठिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा। उन्होंने इस राउंड में 81 का निराशाजनक स्कोर बनाया, जिससे लीडरबोर्ड में उनकी स्थिति काफी कमजोर हो गई।
अवनि ने टूर्नामेंट की शुरुआत 78 के स्कोर के साथ की थी, लेकिन दूसरे राउंड में शानदार वापसी करते हुए चार अंडर 69 का बेहतरीन कार्ड खेला और आराम से कट हासिल करने में सफल रहीं।
वह कट में जगह बनाने वाली एकमात्र भारतीय खिलाड़ी रहीं। दूसरी भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स कट हासिल नहीं कर सकीं, जबकि वाणी कपूर ने पहले राउंड में 83 का स्कोर बनाने के बाद टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया था।

तीसरे दौर के बाद अवनि का कुल स्कोर अब नौ ओवर हो गया है, जिसके चलते वह तालिका में काफी नीचे खिसक गई हैं। वहीं, मेजबान जर्मनी की एलेक्जेंड्रा फोर्स्टरलिंग ने अंतिम दौर से पहले दो शॉट की बढ़त बनाकर शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया है।