50 साल का इंतजार खत्म, जैनिक सिनर ने इटली को दिलाया इटैलियन ओपन खिताब
इटली के स्टार टेनिस खिलाड़ी जैनिक सिनर ने रविवार को इटैलियन ओपन का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। वह 1976 में एड्रियानो पनाटा के बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले इतालवी खिलाड़ी बने। फाइनल मुकाबले में सिनर ने कैस्पर रूड को 6-4, 6-4 से हराकर लगातार अपना छठा एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीता।
1 घंटे 44 मिनट तक चले इस खिताबी मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिनर ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली। वह नोवाक जोकोविच के बाद एटीपी इतिहास में करियर गोल्डन मास्टर्स पूरा करने वाले सिर्फ दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। अब सिनर सभी एटीपी मास्टर्स 1000 खिताब जीत चुके हैं। इससे पहले जोकोविच ने 2018 में सिनसिनाटी जीतने के बाद यह उपलब्धि हासिल की थी।
मैच के बाद कोर्ट पर दिए गए इंटरव्यू में सिनर ने कहा, “मुझे लगता है कि यह 50 साल बाद हुआ है जब किसी इतालवी खिलाड़ी ने यहां जीत हासिल की है और मैं सच में बेहद खुश हूं। दोनों तरफ काफी तनाव था। हम दोनों अपना सर्वश्रेष्ठ टेनिस नहीं खेल पाए, लेकिन जीत हासिल करने के बाद मैं बहुत खुश हूं। पिछले ढाई महीने मेरे लिए शानदार रहे हैं। मैं हमेशा खुद को सबसे अच्छी स्थिति में रखने और हर दिन बेहतर करने की कोशिश करता हूं। हर दिन आसान नहीं होता, लेकिन फिलहाल मैं बेहद खुश हूं।”

खचाखच भरी भीड़ के शानदार समर्थन के बीच सिनर ने धीमी शुरुआत के बाद शानदार वापसी करते हुए अपना 10वां मास्टर्स 1000 खिताब और रोम में पहला टाइटल अपने नाम किया। शुरुआती गेमों में रूड ने आक्रामक अंदाज दिखाया, लेकिन धीरे-धीरे सिनर ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। बेसलाइन से लगातार गहरे और सटीक शॉट लगाते हुए उन्होंने मुकाबले का रुख पूरी तरह अपने पक्ष में कर लिया और यादगार जीत दर्ज की।
24 वर्षीय खिलाड़ी ने जीत सुनिश्चित होते ही अपने हाथ हवा में उठाए, दर्शकों का अभिवादन किया और फिर कोर्टसाइड जाकर अपनी टीम के साथ इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाया। सिनर ने आगे कहा, “यह शारीरिक रूप से काफी कठिन मुकाबला था, लेकिन मैं बेहद खुश हूं। मैं अपनी टीम का धन्यवाद करना चाहता हूं, जो पूरे साल मेरे साथ रही। उन्होंने मुझे फिट रखने के लिए लगातार मेहनत की, जो किसी टेनिस कोच जितना ही महत्वपूर्ण है।”
वहीं, रूड ने भी इस साल सिनर के शानदार प्रदर्शन की जमकर तारीफ की। ट्रॉफी समारोह के दौरान रूड ने कहा, “मैं जैनिक को यहां उनके पहले खिताब के लिए बधाई देना चाहता हूं। इस साल आप जो कर रहे हैं, उसे शब्दों में बयान करना मुश्किल है। जो खिलाड़ी सर्वोच्च स्तर पर टेनिस खेलते हैं, उनके लिए भी यह समझना आसान नहीं है कि आप किस स्तर का प्रदर्शन कर रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “आपके साथ इस खूबसूरत एरीना में कोर्ट साझा करना मेरे लिए सम्मान की बात है। अपने देश और अपनी टीम के लिए इतिहास रचने पर आपको बधाई। यह देखना वाकई शानदार है।”